फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: उम्रदराज लोगों से शादी की बात चली तो घर से निकलीं दो बहनें, मथुरा में मिलीं

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। जोगी नवादा इलाके की दो सगी बहनें मंगलवार सुबह मदरसा जाने की बात कहकर घर से निकलीं और मथुरा पहुंच गईं। पिता ने बेटियों के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करा दी। बारादरी पुलिस सीसीटीवी व सर्विलांस के सहारे उन्हें खोजती हुई मथुरा पहुंची तो वे वहां से बस में बैठकर आगरा जाती मिल गईं। दोनों को बरेली लाकर बयान दर्ज किए गए। दोनों बहनों ने बताया कि वे अभी पढ़ना चाहती हैं, जबकि घरवाले उम्रदराज लोगों से उनकी शादी कराने पर तुले हैं।
विज्ञापन

अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर बारादरी पुलिस ने छानबीन शुरू की। लड़कियों के पास मोबाइल फोन नहीं होने की वजह से उनकी तलाश में ज्यादा दिक्कत आई। सीसीटीवी के सहारे पुलिस ने देखा कि दोनों ई-रिक्शा में बैठकर गई हैं। बाद में उनके मथुरा की ओर जाने के प्रमाण मिले। लड़कियों ने रास्ते से किसी का मोबाइल लेकर कुछ लोगों को कॉल की थी। उस नंबर की लोकेशन भी मथुरा में मिली।
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने बताया कि पीछा करती पुलिस ने मथुरा के हाईवे थाना पुलिस की मदद से दोनों बहनों को खोज लिया। उन्हें समझाकर बरेली लाया गया। बुधवार सुबह दोनों से पुलिस ने बात की तो उन्होंने बताया कि दोनों बालिग हैं। एक की उम्र 21 साल है। वह मदरसे में कामिल की छात्रा है। दूसरी 18 साल की है और उसने इंटर कर लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि कोर्ट में बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
विज्ञापन

अपहरण की कहानी निकली फर्जी
दोनों लड़कियों के पिता ने जो रिपोर्ट लिखाई, उसके मुताबिक मामला अपहरण का था। बताया कि बेटियों को खोजते हुए मंगलवार दोपहर जब उनका बेटा कैंट में फूलबाग पहुंचा तो वहां उनकी दोनों बेटियां उसे दिखाई दे गईं। उसने बहनों से बात करके उन्हें घर लाने की कोशिश की तो एक लड़का बीच में आ गया और उनके बेटे की पिटाई कर दी। इस बीच कार लेकर चार-पांच और लोग आए और दोनों बेटियों को कार में डालकर ले गए। पुलिस ने संबंधित स्थानों की फुटेज देखी तो घटनाक्रम फर्जी मिला। जिन लड़कों का जिक्र किया गया, उन्हें पुलिस पकड़कर थाने ले आई। उनका कोई कसूर नहीं मिला तो उन्हें छोड़ दिया गया। ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें