बरेली के बिथरी चैनपुर क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बुधवार दोपहर दो ट्रकों की आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में एक का पैर कट गया है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
यह हादसा बड़ा बाइपास (जीरो प्वाइंट) के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दो लोग ट्रकों के केबिन में फंस गए थे। सूचना मिलने पर बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से फंसे हुए घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटनाग्रस्त ट्रकों में से एक में सेब लदे थे, जबकि दूसरे में कच्चे केले भरे हुए थे। हादसे के बाद सड़क पर फल बिखर गए, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।