सज रहा मजहबी किताबों का मेला
उर्स-ए-रजवी के मद्देनजर मजहबी किताबों का अस्थाई पुस्तक मेला उर्स स्थल पर सज रहा है। यहां करीब 250 स्टाॅल लगाए जा रहे हैं। यहां आला हजरत के साहित्य समेत अहले सुन्नत के बुजुर्गों की किताबें कम दामों में जायरीन को उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिलाधिकारी ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
उर्स की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी अविनाश सिंह व नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने मंगलवार को दोबारा उर्स स्थल इस्लामिया मैदान का निरीक्षण किया। बारिश के कारण मैदान में भरे पानी को निकालने व जमीन को समतल करने के निर्देश अपने अधीनस्थ अधिकारियों को दिए। उलमा व जायरीन के बैठने के लिए तैयार हो रहे मंच व पंडाल का भी निरीक्षण किया।
दरगाह प्रमुख की अपील: जायरीन को परोसा जाए शाकाहारी लंगर
दरगाह के प्रमुख सुब्हानी मियां ने सोशल मीडिया के जरिये अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि उर्स-ए-रजवी में जायरीन की खिदमत में विभिन्न लंगर कमेटियां और सेवादार बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। इस साल उर्स सावन में हो रहा है। इस दौरान प्रशासन ने मांसाहार से संबंधित कुछ पाबंदियां लागू कर रखी हैं। इसलिए उन्होंने सभी लंगर कमेटियों और आयोजकों से शाकाहारी भोजन की व्यवस्था करने के लिए कहा है। एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि दरगाह प्रमुख की ओर से शाकाहारी लंगर पर जोर देने की अपील होने की जानकारी मिली है। यह कदम स्वागत योग्य है।
200 विद्यार्थियों को मिलेगी नीट व जेईई की निशुल्क कोचिंग
उर्स-ए-रजवी के मौके पर जमात रजा-ए-मुस्तफा के सौदागरान स्थित मुख्यालय पर बैठक का आयोजन किया गया। इसमें शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक कल्याणकारी पहल की घोषणा की गई है। जमात रजा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव व आला हजरत ताजुश्शरिया सोसाइटी के संस्थापक फरमान हसन खान की सरपरस्ती में यह बैठक संपन्न हुई। फरमान मियां ने बताया कि इस वर्ष 200 आर्थिक रूप से कमजोर व मेधावी विद्यार्थियों को नीट व जेईई की निशुल्क कोचिंग प्रदान की जाएगी।
विभिन्न बोर्ड के कक्षा छह से 12 तक के आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक सहायता दी जाएगी। बैठक में सैयद जसीम, अब्दुल्ला रजा, शमीम अहमद, मेहंदी हसन, मोईन खान आदि मौजूद रहे।
जरूरतमंद मरीजों के होंगे मुफ्त ऑपरेशन
जमात के पूर्व प्रवक्ता समरान खान ने बताया संस्था की तरफ से गरीब और जरूरतमंद मरीजों का निशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। मोतियाबिंद, पित्त की पथरी, हर्निया और महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों के ऑपरेशन बरेली के निजी अस्पतालों में कराए जाएंगे। इच्छुक मरीज दरगाह ताजुश्शरिया स्थित जमात के मुख्य कार्यालय अथवा किला स्थित संस्था के कार्यालय में संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।