बरेली में भमोरा थाना पुलिस ने लूट और चोरी के मामलों में वांछित दो आरोपियों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में गोली लगी है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की बाइक और लूटे गए मोबाइल फोन बरामद हुए हैैं।
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने रविवार की रात मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया। दोनों के पैर में गोली लगी है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। थाना पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपियों से चोरी की दो बाइक, लूटे गए मोबाइल फोन और असलहा बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी चोरी और लूट के मामलों में वांछित थे।
विज्ञापन
सीओ आंवला नितिन कुमार ने बताया कि थाना भमोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में हुई बाइक चोरी की घटनाओं से संबंधित दो संदिग्ध रम्पुरा बुजुर्ग अंडरपास के पास मौजूद हैं। उक्त सूचना पर पुलिस टीम ने रात में ही बताए गए स्थान पर जाकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
ये आरोपी पकड़े गए
जफर उर्फ जफरुद्दीन उम्र 24 वर्ष निवासी वैकुंठापुर थाना भोजीपुरा जनपद।
सुदामा उर्फ केशव दिवाकर उम्र 23 वर्ष निवासी धनेरा थाना नवाबगंज हाल पता करमपुर चौधरी थाना इज्जतनगर जनपद।