बरेली। बिथरी चैनपुर थाना पुलिस ने लूट व छिनैती करने के आरोपी दो बदमाशों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पैर में पुलिस की गोली लगी है। इनमें एक आरोपी शाहजहांपुर जिले का है।
सीओ हाईवे नीलेश मिश्र ने बताया कि बिथरी थाना क्षेत्र के गांव नवदिया हरकिशन के पास 26 जुलाई को दिन में दंपती से लूट हुई थी। सोमवार रात बिथरी पुलिस चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक पर कचौली इलाके में घूम रहे हैं। उनके पास हथियार भी हैं।
पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। एक पुलिसकर्मी बदमाशों की फायरिंग में आंशिक रूप से घायल हुआ है। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें गिरफ्तार किया गया है।
उनके कब्जे से दो तमंचे, दो कारतूस, लूटा हुआ मोबाइल फोन व सोने के आभूषण बरामद हुए हैं। लूट की घटना में प्रयुक्त चोरी की बाइक भी बरामद की गई है। पकड़े गए बदमाशों में बारादरी क्षेत्र के जोगी नवादा शेर अली गौंटिया मोहल्ला निवासी बब्बू उर्फ आशीष तिवारी और शाहजहांपुर के सिंधौली थानाक्षेत्र के गांव काजीपुर निवासी शानू शामिल हैं।
दोनों ने दंपती से लूट करने की बात कबूल की। बदमाशों ने स्वीकार किया कि जगतपुर निवासी अनिल गुप्ता नाम के सराफ को कुछ जेवर बेचे हैं। बदमाशों पर बरेली, शाहजहांपुर और हरदोई में पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। ब्यूरो