बरेली। सुबह टहलने निकले रिटायर्ड सूबेदार जहीर अहमद की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। उनका शव के ऊपर से एक और ट्रेन गुजर गई। गेटमैन की सूचना पर जंक्शन से छूटने के लिए तैयार माता श्रीवैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस को कॉशन देकर रोका गया। करीब बीस मिनट बाद ट्रैक से शव हटने पर इसे रवाना किया गया। उधर, कैंट क्षेत्र में नबीनगर फैक्टरी के कर्मचारी सिकंदर की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई।
किला थाना क्षेत्र के हुसैन बाग निवासी जहीर अहमद 10 साल पहले सेना के सूबेदार पद से से सेवानिवृत्त हुए थे। उनके बेटे कैश मोहम्मद ने बताया कि मंगलवार सुबह वह टहलने लिए ईदगाह रोड से किला की ओर जा रहे थे। बाकरगंज रेलवे क्रॉसिंग बंद होने पर वह रेलवे लाइन किनारे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज रफ्तार से ट्रेन के गुजरने पर वह उसकी चपेट में आ गए। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। देर शाम किला पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजन को सौंप दिया।
उधर, कैंट इलाके में रेलवे लाइन के किनारे होकर घर से फैक्ट्री जा रहे कर्मचारी सिकंदर की साइकिल ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन में साइकिल के फंसने पर सिकंदर काफी दूर तक घिसटते चले गए। इससे उनका पूरा शरीर क्षत विक्षत हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन के सुपुर्द कर दिया।