बरेली। रसुइया रेलवे स्टेशन के पास रविवार को दो घंटे के ब्लॉक के दौरान चार ट्रेनें प्रभावित हुईं। छह अन्य ट्रेनों ने भी रविवार को यात्रियों को इंतजार कराया। हालांकि, शुक्रवार और शनिवार के मुकाबले रविवार को ट्रेनों की चाल में सुधार दिखा।
रविवार को बरेली-लखनऊ रेलखंड में रसुइया स्टेशन के पास ट्रैक मरम्मत के लिए दोपहर दो से चार बजे तक ब्लाॅक लिया गया। ब्लॉक के कारण 15910 अवध असम, 13151 जम्मूतवी, 05578 आनंद विहार-सहरसा, 20506 राजधानी एक्सप्रेस प्रभावित हुईं। रसोइया स्टेशन के पास ट्रेनों को 20 किमी प्रति घंटा के कॉशन के साथ पास किया गया। इसके अलावा रविवार को 12391 श्रमजीवी एक्सप्रेस दो घंटे घंटे देरी से बरेली आई। 14242 नौचंदी एक्सप्रेस, 14207 पद्मावत एक्सप्रेस, 15119 वाराणसी-देहरादून एक्सप्रेस, 13307 गंगा सतलुज एक्सप्रेस ने यात्रियों को एक-एक घंटे इंतजार कराया। संवाद
-
प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर नौ घंटे का ब्लॉक
बरेली। जंक्शन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक को बैलेस्टिक करने का काम तेज हो गया है। रविवार को लगातार तीसरे दिन नौ घंटे का ब्लॉक लेकर प्लेटफार्म पर सीमेंटेड ट्रैक खोदने का काम किया गया। इस दौरान 15910 अवध असम एक्सप्रेस, 22454 राज्यरानी एक्सप्रेस, 22490 मेरठ-लखनऊ वंदे भारत एक्सप्रेस, 13152 जम्मूतवी एक्सप्रेस को प्लेटफार्म नंबर एक के स्थान पर दो से पास किया गया। संवाद