बरेली। अलग-अलग सड़क हादसों में सोमवार शाम शहर निवासी दो युवकों की मौत हो गई। एक घटना में किशोर भी गंभीर रूप से घायल हो गया है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र में साउथ सिटी करगैना निवासी अनुज कुमार राठौर (35) सोमवार शाम बाइक से चौपुला पुल से गुजर रहे थे। पुल पर पुरानी पुलिस लाइन गेट के सामने उनकी बाइक को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। बस की चपेट में आकर अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने अनुज को मृत घोषित कर दिया।
दूसरा हादसा रामगंगा ब्रिज के पास हुआ। एजाज नगर गौटिया चौकी जगतपुर निवासी असलम (22) बाइक से शहर की ओर आ रहे थे। बताया जाता है कि रामगंगा ब्रिज के पास अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। असलम के साथ बाइक पर बैठा आरिश (16) भी घायल हो गया। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ब्यूरो