बरेली। रविवार शाम से शुरू हुई बारिश के बाद तेज हवाओं से कई पेड़ भी गिर गए। कोहाड़ापीर में रविवार रात पेड़ गिरने से करीब 10 घरों की बिजली गुल हो गई। उधर, चौकी चौराहा स्थित चर्च के पीछे पेड़ गिरने से सोमवार दोपहर तक यातायात प्रभावित रहा।
कोहाड़ापीर में नैनीताल रोड पुलिस चौकी और पेट्रोल पंप के बीच एक पेड़ रविवार रात आंधी में गिर गया। इससे करीब 10 घरों की बिजली गुल हो गई। मोहल्ले के अख्तर, नफीस और सुल्तान ने बताया कि रात में ही बिजली विभाग और नगर निगम को सूचना दी गई, लेकिन पेड़ को सोमवार शाम तक नहीं हटाया गया। बिजली विभाग ने लाइन की भी अभी तक मरम्मत नहीं कराई है। इससे बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। चर्च के पीछे गिरे पेड़ को सोमवार दोपहर सड़क से हटा दिया गया।