कुदेशिया क्रॉसिंग के पास निर्माण कार्य ।
बरेली। कुदेशिया क्रॉसिंग पर रविवार को अंडरपास निर्माण के लिए रेलवे ने छह घंटे का ब्लॉक लिया। इस दौरान करीब सात घंटे तक इज्जतनगर और बरेली सिटी स्टेशन के बीच ट्रेनों का संचालन बंद रहा। इस ब्लॉक से 10 ट्रेनें प्रभावित हुई।
कुदेशिया क्रॉसिंग बंद करने के लिए रेलवे यहां अंडरपास बना रहा है। छह घंटे का ब्लॉक लेकर रविवार सुबह रेलवे की टीम ने यहां काम शुरू किया। इस बीच पीलीभीत-बरेली सिटी विशेष गाड़ी के साथ 10 ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। रेलवे ने चार ट्रेनें निर्धारित स्टेशन से पहले शार्ट टर्मिनेट की। बरेली सिटी-टनकपुर डेमू सहित पांच ट्रेनों को दूसरे स्टेशन से चलाया गया। टनकपुर-शक्तिनगर विशेष गाड़ी को 80 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाया गया।
अंडरपास बनाने के लिए रेलवे ने सुबह साढ़े पांच बजे ही यहां काम शुरू कर दिया। दोपहर 12 बजे तक अंडरपास के लिए 11 बॉक्स डालकर उसके ऊपर ट्रैक क्लियर कर दिया। दोपहर 12 बजकर 49 मिनट पर टनकपुर-शक्तिनगर ट्रेन को यहां से गुजारा गया। पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया निर्धारित समय में काम पूरा होने से सिर्फ वही ट्रेनें प्रभावित हुईं जिनका पहले से शार्ट टर्मिनेशन और शार्ट ओरिजिनेशन किया गया था।