कोरोना संक्रमण फैलने पर ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। कोरोना की दूसरी लहर थमने के बाद ट्रेनों का संचालन तो शुरू कर दिया गया, लेकिन अभी कई सुविधाएं बंद चल रही हैं। ट्रेनों में दैनिक यात्रियों की संख्या अच्छी खासी रहती है। मगर एमएसटी सुविधा बंद होने से दैनिक यात्रियों की जेब पर बोझ पड़ने के साथ दिक्कतें हो रही हैं। यात्री बढ़ने के साथ ट्रेनों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। दैनिक यात्रियों की दिक्कतों को देखते हुए रेलवे ने एमएसटी सुविधा सुचारु करने का निर्णय लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय से उप मुख्य वाणिज्य प्रबंधक आलोक कुमार की ओर से एक दिन पहले एमएमसी सुविधा लागू किए जाने को लेकर बनारस, लखनऊ और इज्जतनगर रेल मंडल के वाणिज्य प्रबंधकों को पत्र भेजा गया। ये तीनों डिवीजन पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर मुख्यालय से जुड़े हैं। प्रत्येक डिवीजन के वाणिज्य प्रबंधक से पूछा गया है कि फिलहाल किन-किन रूट पर एमएसटी की सुविधा मुहैया कराई जाए।
सूत्रों के अनुसार, उत्तर रेलवे की ओर से एमएसटी बनाए जाने के संबंध में दो दिन पहले फरमान जारी किया जा चुका है। इधर, रेलवे के सूत्र बताते हैं कि तीनों डिवीजन की ओर से एक-दो दिन में पूरी स्थिति से गोरखपुर मुख्यालय को अवगत करा दिया जाएगा। इसके बाद सप्ताह भर में एमएसटी बहाल हो सकती है।
जानकारों के मुताबिक कोरोना संक्रमण काल से पहले बरेली-कासगंज पर सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं और नौकरी पेशा लोग एमएसटी के जरिये नियमित यात्रा करते रहे हैं। बदायूं और उझानी से बरेली के लिए एमएसटी धारकों की संख्या सर्वाधिक थी।
कल से चलेंगी दो जोड़ी स्पेशल ट्रेेनें
उझानी। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से लालकुआं-कासगंज के बीच सोमवार छह सितंबर से दो जोड़ी नई स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इनमें एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन बरेली सिटी और कासगंज जंक्शन के बीच चलेगी। हालांकि इस रूट पर रामनगर-बांद्रा और आगरा फोर्ट पहले से संचालित है। मगर बरेली-कासगंज के बीच पहले से चल रहीं दोनों जोड़ी ट्रेनों का बृज (मथुरा) को कासगंज जंक्शन से कोई लिंक नहीं रहा। मथुरा जाने के लिए यात्रियों को कासगंज जंक्शन पर घंटों इंतजार करना पड़ता था। अब तीन जोड़ी नई स्पेशल ट्रेन शुरू होने के बाद लालकुआं से कासगंज तक सफर करने वालों को मथुरा की ट्रेन पकड़ने के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
एमएसटी की सुविधा के लिए विभागीय स्तर से कवायद शुरू कर दी गई है। गोरखपुर मुख्यालय की ओर से कार्यवाही शुरू कर दी गई है। नियमित सफर करने वाले यात्रियों के मुद्दे पर रेलवे पहले से ही गंभीर है। जल्द ही एमएसटी बनने लगेगी। - केपी सिंह, वाणिज्य अधीक्षक