बरेली। कोतवाली पुलिस ने पीलीभीत में थाना सुनगढ़ी के गांव भिखारीपुर निवासी मोहम्मद मुजाहिद को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके कब्जे से .32 बोर का नाजायज रिवॉल्वर, छह कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ है। बाइक की कई चाबियां भी मिली हैं।
कोतवाली इंस्पेक्टर पंकज पंत ने बताया कि मोहम्मद मुजाहिद बरेली कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। उसके पिता पीलीभीत में कपड़े का कारोबार करते हैं। मंगलवार देर रात सिविल लाइंस में उसे संदिग्ध अवस्था में घूमते देखकर पुलिस ने रोका तो वह भागने लगा। इस पर पुलिस ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। तलाशी में उसके कब्जे से .32 बोर का नाजायज रिवॉल्वर, छह कारतूस, एक चाकू और बाइक की छह चाबियां बरामद हुईं। पुलिस का मानना है कि वह बाइक चोरी की फिराक में था, लेकिन पहले किसी मामले में उसके जेल जाने की जानकारी नहीं मिली है।