बरेली। एक ओर कोरोना की वजह से क्रिसमस पर बड़े कार्यक्रम आयोजित न किए जाने की बात कही जा रही है, दूसरी ओर भीड़ की संभावना देखते हुए यातायात पुलिस ने शुक्रवार को ट्रैफिक डायवर्जन की भी तैयारी कर ली है। शुक्रवार को क्रिसमस पर मेथोडिस्ट चर्च रोड पर दोपहर बाद वाहनों की आवाजाही नहीं होगी।
एसपी यातायात संजीव कुमार बाजपेई के निर्देश पर टीआई दिनेश कुमार पांडेय ने ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके मुताबिक चौकी चौराहा से पटेल चौक जाने वाले सभी वाहन शुक्रवार दोपहर तीन बजे के बाद महिला थाना रोड होकर रामपुर गार्डन चौराहा और हिंद टाकीज के पीछे वाले रोड से जा सकेंगे। पटेल चौक से चौकी चौराहा जाने वाले सभी वाहन बरेली कॉलेज के पश्चिमी गेट, फायर स्टेशन के सामने होकर रामपुर गार्डन चौराहा से रामपुर गार्डन कॉलोनी होकर निकाले जाएंगे। इससे रामपुर गार्डन में वाहनों का दबाव बढ़ जाएगा। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि चर्च और उसके आसपास इलाके में सुरक्षा के लिहाज से पुलिस भी तैनात रहेगी। महिला पुलिस की ड्यूटी भी प्वाइंट बनाकर लगाई गई है।