निकाह के आठ साल बाद दिया तीन तलाक
विवाहिता ने थाना प्रेमनगर में दर्ज कराई रिपोर्ट, दहेज मांगने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बरेली। प्रेमनगर के गुलाबराय मोहल्ले की रहने वाली शहला ने अपने पति शानू और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज के लिए उत्पीड़न और तीन तलाक देने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। शहला का कहना है कि जब उसने पति से घर खर्च मांगा तो उसे तीन तलाक दे दिया गया।
शहला के मुताबिक उनका निकाह आठ साल पहले शानू के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही उन्हें दहेज के लिए ताने दिए जा रहे थे। उनकी सात साल की बेटी भी है। शानू कारपेंटर है जो बाहर जाकर काम करता है। वह उससे जब भी घर खर्च के लिए पैसे मांगती थीं तो वह शराब पीकर उन्हें पीटता था। दहेज के लिए भी उन्हें लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।
शहला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सात अगस्त की शाम साढ़े सात बजे उन्होंने घर के खर्च के लिए शानू से पैसे मांगे तो उसने पैसों के बजाय तीन तलाक दे दिया। इस दौरान ससुर मोहम्मद रफीक, जेठ सलीम, जेठानी शबाना भी मौजूद थे। इस घटना से सदमे में आई शहला को मायके वाले अपने साथ ले गए। शहला की तहरीर पर पुलिस ने शानू, जेठ सलीम, मोहसिन, रफीक और मोइन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।