बरेली। विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को अलग-अलग सीटों पर भाजपा के तीन, सपा के पांच और बसपा के दो प्रत्याशियों ने परचे दाखिल किए। कई निर्दलियों और छोटे दलों के प्रत्याशियों समेत कुल 17 नामांकन भरे गए। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। तीन प्रत्याशियों ने प्रस्तावकों के साथ समर्थकों को भी ले जाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया।
मंगलवार को सुबह 11 बजे से नामांकन कराने का सिलसिला शुरू हो गया। दोपहर तीन बजे तक जिले की सभी नौ सीटों से नामांकन पत्र दाखिल किए गए। नामांकन कराने वाले प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों में बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र से सपा के उम्मीदवार अताउर रहमान, मीरगंज से भाजपा उम्मीदवार डॉ. डीसी वर्मा और सपा के सुल्तान बेग, भोजीपुरा से बसपा के योगेश कुमार, नवाबगंज से भाजपा के डॉ. एमपी आर्य और सपा के भगवत सरन गंगवार (दूसरा सेट), फरीदपुर से सपा उम्मीदवार विजयपाल सिंह और भाजपा के प्रो. श्याम बिहारी लाल ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
बिथरी चैनपुर के बसपा के उम्मीदवार आशीष पटेल और आंवला से सपा के प्रत्याशी आरके शर्मा ने नामांकन दाखिल किया। इसके अलावा भोजीपुरा सीट से नैतिक पार्टी के जावेद खां, निर्दलीय रंजीत, बिथरी चैनपुर से आम आदमी पार्टी के पप्पू सागर, राष्ट्रीय मजदूर एकता पार्टी की प्रीति कश्यप, बरेली कैंट सीट से जनसेवा सहायक पार्टी के विष्णु, निर्दलीय सैयद राशिद अली और आंवला से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार राम सिंह आर्य की ओर से भी परचे दाखिल किए गए। नामांकन के दौरान कलक्ट्रेट से सौ मीटर दूर तक वाहनों की कतार लगी रही। प्रत्याशियों के साथ बड़ी तादाद में उनके समर्थक भी आए थे।
साइकिल पर नामांकन कराने पहुंचे अताउर: नामांकन के लिए आए प्रत्याशियों के साथ उनके दो प्रस्तावक और वकील को ही कलक्ट्रेट में प्रवेश की अनुमति थी लिहाजा उनके समर्थकों को बाहर ही रोक दिया गया। प्रत्याशियों के सैकड़ों समर्थक चौराहे पर ही इकट्ठे हो गए जिसकी वजह से वाहनों के आवागमन में दिक्कत होती रही। पुलिस वाले बार-बार रास्ता साफ कराने की कोशिश करते रहे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान कलक्ट्रेट के बाहर कोविड प्रोटोकॉल की भी जमकर धज्जियां उड़ती रहीं। सपा के उम्मीदवार अताउर रहमान साइकिल से नामांकन कराने पहुंचे थे। उन्होंने भी ईंधन के दाम बढ़ने से साइकिल से आने की बात कही। सुल्तान बेग, आशीष पटेल, अताउर रहमान के समर्थकों से पुलिस की नोकझोेंक भी हुई।
पचास लोगों ने खरीदे 61 नामांकन पत्र: एक तरफ नामांकन कराने का सिलसिला जारी था तो दूसरी तरफ अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से नामांकन पत्र खरीदने वालों की भी कतार नामांकन कक्ष में लगी हुई थी। मंगलवार को बहेड़ी से दस लोगों ने 15, मीरगंज से चार लोगों ने पांच, भोजीपुरा से तीन लोगों ने चार, नवाबगंज से एक व्यक्ति ने एक, फरीदपुर से छह लोगों ने छह, बिथरी चैनपुर से पांच लोगों ने पांच, बरेली शहर से 14 लोगों ने 14, बरेली कैंट से पांच लोगों ने पांच, आंवला के दो लोगों ने छह नामांकन पत्र खरीदे।