फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बहेड़ी में सपा नेताओं पर तीन और एफआईआर

विज्ञापन
demo photo - फोटो : demo photo
विज्ञापन

भाजपा नेता सुरेंद्र प्रताप, सुखदेर और बीडीसी सदस्य के बेटे की तरफ से दर्ज कराई गई अलग-अलग रिपोर्ट
विज्ञापन

सपा प्रत्याशी के पति समेत कई को नामजद किया

बहेड़ी। ब्लॉक प्रमुख चुनाव के दौरान सपाइयों के हंगामे के बाद रविवार को भाजपा नेताओं की ओर से उनके खिलाफ तीन और एफआईआर दर्ज कराई गईं। इसमें सपा नेताओं पर भाजपा विधायक को अपशब्द कहने, ट्रक यूनियन रोड पर तोड़फोड़ और भाजपा प्रत्याशी के पति पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।
ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में शनिवार को भाजपा प्रत्याशी के जीतने की घोषणा के बाद सपाइयों ने जमकर हंगामा करने के बाद गत्ता मिल में सभा की थी। शनिवार रात भाजपा नेता पूर्व ब्लॉक प्रमुख चौधरी आराम सिंह ने चार सपाइयों पर उनकी कार को टक्कर मारकर हमला करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को भाजपा नेता सुरेंद्र प्रताप ने सपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जिसमें आरोप है कि गत्ता मिल में डांडी अभयचंद निवासी विकास सिंह ने मंच से विधायक छत्रपाल सिंह को अपशब्द कहे। अमित सिंह, विपिन सिंह और अनीत सिंह ने तालियां बजाकर अशोभनीय शब्दों का समर्थन किया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया है।
विज्ञापन

इसी एफआईआर में चुनाव परिणाम आने के बाद ट्रक यूनियन रोड पर तोड़फोड़ कर दंगा कराने की कोशिश करने का आरोप है। पुलिस ने चारों सपाइयों के खिलाफ आईटी एक्ट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। दूसरी एफआईआर बीडीसी सदस्य तुफैल के बेटे इश्तियाक की तरफ से दर्ज की गई है। इश्तियाक का आरोप है कि कि वह अपने पिता के साथ शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे वोट डालने जा रहे थे। रास्ते में पंजाबी कॉलोनी चौराहे पर सपा नेता पंकज चौधरी, धनेश सिंह, बिजेंद्र सिंह, अखलाक अहमद, लईक चांदनी, इमरान अकेला, अनीत सिंह ने उनके साथ मारपीट की और उन दोनों का अपहरण करके ले गए। पुलिस ने सात सपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ मारपीट, अपहरण के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
विज्ञापन

तीसरी एफआईआर ब्लॉक प्रमुुख पद की सपा प्रत्याशी नीरज चौधरी के पति अनीत पाल सिंह के खिलाफ रिछौला फार्म के सुखदेव सिंह ने लिखाई है जिसमें उनकी कार पर पथराव करने और जान से मारने की नीयत से भीड़ के साथ हमला करने का आरोप है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपने चचेरे भाई भाजपा प्रत्याशी अमरिंदर सिंह गोल्डी के विजयी घोषित होने के बाद देर शाम ट्रक यूनियन रोड से अपने फार्म पर लौट रहे थे। उस वक्त सपा प्रत्याशी के दफ्तर से भीड़ निकल रही थी। सड़क पर जाम लगा था। कार सड़क किनारे खड़ी कर वह जाम खुलने का इंतजार कर रहे थे। अचानक अनीत पाल सिंह ने भीड़ से उन पर पथराव करा दिया और जान से मारने की नीयत से हमला बोल दिया। किसी तरह कार को बैक कर वह पंजाबी कॉलोनी रोड से वापस जान बचाकर भागे।

चुनाव परिणाम आने के बाद हुए बवाल और एफआईआर की पुलिस निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करेगी। इस तरह की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - अजय गौतम, सीओ बहेड़ी

सपा का तहसील परिसर में धरना आज

बहेड़ी। सपा के पूर्व मंत्री अताउर्रहमान ने कहा कि सोमवार को तहसील परिसर में सपा जोरदार धरना प्रदर्शन करेगी, इसमें जिले के पदाधिकारी भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा कि ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव में धांधली होने के बाद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ताबड़तोड़ फर्जी एफआईआर दर्ज की जा रही हैं। इन सब मुद्दों पर पुलिस प्रशासन से सवाल जवाब किए जाएंगे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें