पुलिस की गिरफ्त में तीनों आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने हरदोई के पवन कुमार निवासी सिमरा चौराहा थाना सुरसा व इसी जिले के सचिन कुमार ग्राम अब्दुल्लापुर थाना सुरसा और जितिन मिश्रा ग्राम बम्होरा थाना परौर को गिरफ्तार किया। उनके पास से विभिन्न बैंकों के नौ डेबिट कार्ड, 80 हजार रुपये व तीन मोबाइल फोन बरामद हुए।
एक साल से कर रहे थे वारदात
पवन व सचिन हरदोई के एक कॉलेज में 12वीं के छात्र हैं। जबकि, जितिन इंटरमीडिएट के बाद पढ़ाई छोड़ चुका है। सदर इंस्पेक्टर रवींद्र सिंह के अनुसार, वह एक साल से वारदात को अंजाम दे रहे थे। गिरोह के सात लोगों में प्रत्येक आरोपी ने 60 से 70 हजार रुपये खाते में आने की बात स्वीकारी है। रुपये आने के बाद महंगे मोबाइल फोन भी खरीद लिए थे। पुलिस के अनुसार, पवन के पास से 50 हजार रुपये का मोबाइल फोन भी मिला है। सचिन की जेब से बरामद मोबाइल की कीमत 20 हजार रुपये है।
ऑनलाइन खुलवाते थे खाता, एक बार में दस हजार निकालते थे
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वह ऑनलाइन खाता खुलवाते थे। उसमें केवाईसी की जरूरत नहीं पड़ती थी। उसमें कुछ रुपये डालने के बाद खेल शुरू कर देते थे। एक बार में दस हजार रुपये ही निकालते थे। आसपास के कई जिलों में उन्होंने घटनाओं को अंजाम दिया था। पंजाब एंड सिंध बैंक के अलावा कई अन्य बैंकों को भी उन्होंने निशाना बनाया है। हालांकि, दूसरी बैंकों की ओर से अभी शिकायत नहीं की गई है।