निगरानी के लिहाज से कुछ स्थानों पर पुलिस तैनात है। इस बीच अफवाहों का दौर जारी है। कभी किसी जगह बवाल, कभी किसी की गिरफ्तारी से हड़कंप जैसी खबरें सोशल मीडिया और मोबाइल फोन पर कॉल व मेसेज के जरिये दौड़ रही हैं। पुलिस से लेकर पत्रकारों के पास तक ऐसी भ्रामक सूचनाएं आ रही हैं।
भड़काऊ पर्चे छापने वाले प्रेस और आरोपियों की तलाश
पुलिस आईएमसी के कार्यक्रम में आने का आह्वान करने वाले पर्चे छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस का पता लगाने में जुट गई है। इस्लामिया मैदान में कार्यक्रम का एलान किए जाने के बाद जिलेभर में भड़काऊ पोस्टर बांटे गए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनको चिह्नित करने का काम शुरू कर दिया है। भड़काऊ पोस्टर छापने वाले प्रिंटिंग प्रेस का पता लगाकर संचालक की पहचान करने का भी प्रयास किया जा रहा है।
ये पोस्टर बरेली से लेकर उत्तराखंड तक बांटे गए थे। साथ ही, सोशल मीडिया के माध्यम से भी कई शहरों तक पहुंचे थे। पुलिस का मानना है कि प्रिंटिंग प्रेस संचालक का पता लगने पर पोस्टर छपवाने वाले का भी नाम-पता सामने आ जाएगा। कोतवाल सदर दिनेश शर्मा ने बताया कि पुलिस पर्चे बांटने वाले खुराफातियों को भी चिह्नित कर रही है।