आज से होगी परीक्षा, सभी प्रश्नपत्रों में होंगे वस्तुनिष्ठ प्रश्न
बरेली। मदसा शिक्षा बोर्ड लखनऊ की ओर से संचालित परीक्षा के नियमों में भारी बदलाव किए गए हैं। इस बार कामिल (स्नातक) प्रथम एवं द्वितीय और फाजिल (स्नातकोत्तर) प्रथम वर्ष की परीक्षा बोर्ड नहीं कराएगा। गृह परीक्षा के प्रश्नपत्रों में वस्तुनिष्ठ प्रश्न होंगे।
मदरसों में उच्च शिक्षा की परीक्षा शनिवार से शुरू हो रही है जो एक अक्तूबर तक चलेगी। इस बार शासन ने कोविड के दृष्टिगत इसमें बदलाव किया है। मदरसा बोर्ड के रजिस्ट्रार आरपी सिंह की ओर से जारी पत्र के हवाले से मदरसा मंजरे इस्लाम के वरिष्ठ शिक्षक मुफ्ती सलीम नूरी ने बताया कि इस बार लागू नई व्यवस्था संस्थागत एवं व्यक्तिगत दोनों परीक्षार्थियों के लिए होगी। कामिल प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के संस्थागत और व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए छह विषयों में से प्रत्येक विषय का प्रश्नपत्र 100 अंकों का होगा। फाजिल प्रथम वर्ष के संस्थागत एवं व्यक्तिगत परीक्षार्थियों के लिए चार विषयों के प्रश्नपत्र भी सौ-सौ अंकों के होंगे।
रजिस्ट्रार की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि वार्षिक परीक्षा वर्ष 2021 के लिए कामिल प्रथम एवं द्वितीय व फाजिल प्रथम वर्ष के व्यक्तिगत और संस्थागत परीक्षार्थियों को आंतरिक मूल्यांकन के आधार पर अगली कक्षा में पदोन्नत किया जाएगा। कामिल तृतीय वर्ष एवं फाजिल द्वितीय वर्ष के परीक्षार्थियों की वार्षिक परीक्षा कराई जाएगी।