दहेज के लिए मारपीट और बदसलूकी करने वाले शौहर को फरहीन ने दिया तलाक-ए-तफवीज
निकाह के करार में था मान-सम्मान न देने पर तलाक देने का प्रावधान
बरेली। आम तौर पर तीन तलाक के मामले शौहर की तरफ से ही होते हैं लेकिन दहेज के लिए आए दिन मारपीट और बदसलूकी करने वाले अपने शौहर के लिए यह सजा एजाजनगर गौंटिया की फरहीन ने तय की। उन्होंने शौहर मोहम्मद शानू को शरीयत के दायरे में निकाह के दौरान किए गए करार को तोड़ने पर तलाक-ए-तफवीज दे दिया। फरहीन ने यह फैसला दो साल तक ससुराल में लगातार मानसिक और शारीरिक यातनाएं झेलने के बाद लिया।
करीब 21 साल उम्र की फरहीन का निकाह इस्लामनगर (बदायूं) में रहने वाले मोहम्मद शानू से 15 नवंबर 2019 को हुआ था। निकाह के वक्त दोनों के मध्य करार हुआ था कि निकाह की रकम जब भी बीवी तलब करेगी, शौहर को उसे अदा करना होगा। इसमें यह भी लिखा गया था कि शौहर अपनी बीवी को पूरे मान-सम्मान और प्यार के साथ रखेगा और उसकी जायज जरूरतों को भी पूरा करेगा। उसके साथ किसी किस्म की मारपीट या हिंसा नहीं करेगा।
करार में यह भी लिखा गया था कि अगर शौहर अपनी बीवी के अधिकारों की अदायगी में नाकाम रहेगा या कोताही बरतेगा तो बीवी को हक होगा कि वह तलाक-ए-तफवीज का इस्तेमाल करके खुद को शौहर से अलग कर ले। फरहीन ने इसी करार के तहत अपने शौहर को तलाक दिया है। बता दें कि शरीयत के मुताबिक निकाह के करार के तहत ही बीवी अपने शौहर को तलाक-ए-तफवीज दे सकती है। अगर करार में ये शर्तें न लिखी जाएं तो शरीयत तलाक-ए-तफवीज की इजाजत नहीं देती।
हलफनामे में बयां की आपबीती... मारपीट-गालीगलौज और कई-कई दिन भूखा रखता था शौहर
शरीयत के कायदों के मुताबिक तलाक-ए-तफवीज का फैसला लेने वाली बीवी शौहर को लिखित नोटिस भेजकर इसके बारे में बाकायदा एलान भी करती है। फरहीन ने इस नोटिस में आपबीती भी बयान की है। उन्होंने कहा है कि उनका शौहर और ससुराल वाले शादी में अच्छा-खासा दहेज देने के बावजूद संतुष्ट नहीं थे। निकाह के बाद से ही उन्हें आए दिन ताने देने के साथ प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया। वे दहेज में एक लाख रुपये कैश और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। इसके लिए उनके साथ अक्सर मारपीट और गालीगलौज करने के साथ उन्हें कई-कई दिन भूखा-प्यासा भी रखा जाता था। कपड़े, दवा और इलाज जैसी जरूरतों से भी महरूम कर दिया गया। शौहर मोहम्मद शानू शारीरिक तौर पर भी प्रताड़ित करता था। दो फरवरी को दहेज के लिए शौहर ने अपने घर वालों के साथ उससे मारपीट करने के साथ गला दबाकर मारने की भी कोशिश की। इसके बाद सारा स्त्रीधन छीनकर उन्हें खाली कपड़ों में घर से निकाल दिया। तभी से वह अपने मायके में रह रही हैं। इसके बाद उनके सामने शौहर को तलाक देने के सिवा कोई चारा नहीं बचा।