नवाबगंज। गांव गंगापुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर प्रभात फेरी नहीं निकाली जाएगी। ग्रामीणों ने 14 अप्रैल को बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण की अनुमति मांगने और प्रभात फेरी के लिए सोमवार को तहसील परिसर में धरना दिया। एसडीएम, सीओ और इंस्पेक्टर ने ग्रामीणों से वार्ता करके मामले में समझौता किया।
ग्रामीणों को जानकारी हुई कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती पर प्रभात फेरी निकालने की योजना थी, जिसकी अनुमति प्रशासन ने नहीं दी। नाराज ग्रामीणों ने अनुमति मांगने के लिए सोमवार को तहसील परिसर में धरना दिया। इसपर एसडीएम उदित पंवार, सीओ नीलेश मिश्रा और इंस्पेक्टर अरुण कुमार ने ग्रामीणों के एक प्रतिनिधि मंडल से वार्ता की। दो घंटे की वार्ता में समझौता हुआ। ग्रामीणों ने एसडीएम को पत्र सौंपा कि इस बार प्रभात फेरी बड़ागांव के जूनियर स्कूल के तिराहे तक ही जाएगी। वहां पर प्रभात फेरी का समापन होगा। अब 14 अप्रैल को ठिरिया सैदपुर गांव से बाबा साहेब की प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी ठिरिया सैदपुर, रघुनाथ पुर होते हुए बड़ागांव पहुंचेगी।
वर्जन,
गांव गंगापुर में प्रभात फेरी निकालने को लेकर ग्रामीणों के साथ वार्ता करके मामले का हल निकाल लिया गया है। ग्रामीणों ने लिखित में पत्र सौंपा है कि वह गंगापुर में प्रभात फेरी नहीं निकालेंगे। मंगलवार को निकलने वाली प्रभात फेरी के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारियां कर ली हैं। - उदित पंवार, एसडीएम, नवाबगंज
गंगापुर में पिछले साल हो चुका है विवाद
गंगापुर, बड़ागांव का मजरा है। इसमें गाटा संख्या 51 देवस्थान के रूप में दर्ज है। इस भूमि पर मंदिर बना है। ग्रामीण वहां पूजा-अर्चना करते हैं। इस भूमि पर अनुसूचित समाज के लोगों ने 14 अप्रैल 2025 को बाबा साहेब का फ्लैक्स लगा दिया था। प्रशासन ने उसको हटवा दिया था। ग्रामीणों ने दोबारा फ्लेक्स लगा दिया। इसके बाद छह जून 2025 को रातोरात अनुसूचित समाज के लोगों ने प्रशासन की अनुमति के बिना बाबा साहेब की प्रतिमा लगा दी। दोनों पक्षों ने थाना नवाबगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 26 जून 2025 की रात में खुराफातियों ने बाबा साहेब की प्रतिमा को खंडित कर दिया। आरोपियों को जेल भेजा गया था। यह मामला उच्च न्यायालय में विचाराधीन है। कोर्ट ने डीएम को आदेश दिया है। डीएम ने एसडीएम उदित पंवार को मामले को हल करने का निर्देश दिया है।
फोटो 1 एसडीएम व सीओ से बार्ता करते गंगापुर के ग्रामीण
फोटो 2 तहसील परिसर में धरने पर बैठे गंगापुर के ग्रामीण ।