कासगंज ब्राडगेज पर पिछले साल पूर्वोत्तर रेलवे ने ट्रेनें तो शुरू कर दीं, लेकिन यह ट्रेनें जंक्शन पर एनई रेलवे की बजाए उत्तर रेलवे के ट्रैक से गुजारी जा रही थीं। अब एनआर ने अपनी लाइन नंबर चार पर वाशेबिल एप्रिन का काम शुरू करा दिया है। इससे एनईआर की बदायूं जाने वाली गाड़ियां संचालन इस ट्रैक से बंद कर दिया गया है। यह गाड़ियां सिर्फ बमियाना तक ही चलाई जा रही हैं। इससे बदायूं वालों का सफर फिर दिक्कत भरा हो गया है।
एनईआर ने वर्ष 2015 जनवरी को ब्लाक लेकर बरेली सिटी-कासगंज मीटरगेज को ब्राडगेज बनाने का काम शुरू किया था। एक साल तक काम चला था। दिसंबर 2016 को जैसे तैसे करके इस ट्रैक पर गाड़ियों का संचालन शुरू हुआ था। रामगंगा से कासगंज तक तो एनईआर का ट्रैक बन गया था, लेकिन रामगंगा से जंक्शन तक अभी भी ट्रैक नहीं बन पाया है। जिससे कासगंज के लिए चलने वाली एनईआर की सवारी गाड़ी 55343, 55344, 55345, 55346 को उत्तर रेलवे के बरेली जंक्शन की चार नंबर लाइन से गुजारा जाता था। अब एनआर ने इस लाइन पर वाशेबिल एप्रिन बनाना शुरू कर दिया है। जिस वजह से एनईआर की गाड़ियों के संचालन पर 36 दिन के लिए रोक लगा दी गई है। इसलिए एनआर ने बदायूं और कासगंज के लिए आने जाने वाली गाड़ियां अब बमियाना तक ही चला रहा है। इससे कासगंज बदायूं से बरेली आने वाले लोग बमियाना तक ट्रेन से आएंगे और बरेली तक उन्हें बस या टेंपो के सहारे ही आना पड़ेगा। इससे उन्हें काफी दिक्कत का सामना करना पडे़गा।