बरेली। सुभाषनगर की करगैना चौकी के पीछे विवेक विहार कॉलोनी में बृहस्पतिवार को दिन दहाड़े चोर एक घर का ताला खोलकर लाखों के जेवर चोरी कर ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर जांच पड़ताल की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका।
विवेक विहार कॉलोनी निवासी विवेक मोहन सक्सेना की ग्रीन वैली में टाल है। बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने मामा के घर मिनी बाईपास गए थे। शाम करीब छह बजे घर लौटे तो चैनल का ताला खुला था। अंदर कमरे में पहुंचे तो देखा कि अलमारी खुली है और जेवर गायब है। अलमारी के पास ही लकड़ी की ड्रेसिंग टेबल थी। उसमें भी जेवर रखा था। चोरों ने उसमें से भी जेवर निकाल लिया। खास बात यह रही कि चोर जेवर के अलावा और कुछ नहीं ले गए। विवेक ने बताया कि चोर करीब 20 लाख रुपये के जेवर चोरी कर ले गए।
सीओ किला, इंस्पेक्टर सुभाषनगर और करगैना चौकी इंचार्ज मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने बताया कि चोर को यह पता था कि घर में जेवर कहां रखा है। उसने जेवर के अलावा कोई दूसरी चीज नहीं छुई। घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे लगे थे। पुलिस इन कैमरों की फुटेज चेक कर रही है।