फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: फाइलों में फड़फड़ा रही चौड़ीकरण योजना... पीडब्ल्यूडी खेल रहा प्रस्ताव-प्रस्ताव

विज्ञापन
विज्ञापन
- दो प्रस्ताव बन चुके, अब तीसरे की तैयारी, रोजाना जाम में फंसते हैं 10 हजार वाहन, बैरियर टू से बड़ा बाइपास के बीच 4.6 किलोमीटर हिस्से की दो लेन सड़क पर दोनों ओर अतिक्रमण
विज्ञापन

बरेली। सेटेलाइट चौराहे से बड़ा बाइपास तक सड़क चौड़ीकरण की योजना फाइलों में ही फड़फड़ा रही है और पीडब्ल्यूडी के अफसर हैं कि प्रस्ताव-प्रस्ताव खेल रहे हैं। पिछले साल तीन माह में दो प्रस्ताव बने, अब तीसरे की तैयारी है। इधर, रोजाना करीब 10 हजार वाहन जाम में फंस रहे हैं, क्योंकि सड़क पर ज्यादातर जगहों पर कब्जे हैं। कहीं-कहीं सड़क पर पोल भी खड़े हैं। मार्च 2023 से ही सड़क चौड़ीकरण की योजना कागजों में ही दौड़ रही है।
सेटेलाइट चौराहे से बड़ा बाइपास को जाने वाली 11 किमी लंबी सड़क जिले को पीलीभीत और उत्तराखंड से जोड़ती है। इसमें बैरियर टू से बड़ा बाइपास के बीच 4.6 किलोमीटर हिस्से में सड़क दो लेन की है और दोनों ओर अतिक्रमण भी है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस मार्ग के चौड़ीकरण की जरूरत भी कई बार जाहिर कर चुके हैं। बैठकों में भी मुद्दा उठ चुका है। इसी के चलते लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनवाए, लेकिन योजना फलीभूत नहीं हो सकी।
विज्ञापन

पहला प्रस्ताव : मार्च 2023 में बना
4.6 किलोमीटर हिस्से को दो से चार लेन बनाने का पहला प्रस्ताव मार्च 2023 में बना था। इसके लिए धन भी आवंटित हो गया। काम शुरू करने की तैयारी थी, तभी कमिश्नर ने हस्तक्षेप करते हुए लोक निर्माण विभाग के अभियंता से छह लेन का प्रस्ताव बनाने के लिए कहा।
दूसरा प्रस्ताव : जून 2023 में बना
कमिश्नर के आदेश के बाद छह लेन का प्रस्ताव बनाया गया। इसका बजट करीब 301 करोड़ रुपये था। इस प्रस्ताव पर बजट ही नहीं जारी हुआ।
तीसरा प्रस्ताव : लौट के अफसर चार लेन पर आए
इस तरह न सिक्स लेन की मंजूरी मिली न ही दो लेन को चार लेन का किया जा सका। अब फिर नए सिरे से प्रस्ताव बन रहा है। इसमें दो लेन को चार लेन करने की बात है। साथ ही सेटेलाइट से बैरियर टू तक चार लेन सड़क की यूटिलिटी शिफ्टिंग करने का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है।

कोट
चौड़ीकरण प्राथमिकता में है। बैरियर टू से बड़ा बाइपास मार्ग के दो लेन के हिस्से को चार लेन करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। मंजूरी मिलते ही काम कराएंगे। - प्रकाश चंद्र, अधीक्षण अभियंता
छह लेन के लिए बीडीए से बजट लेने की तैयारी
लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अभियंता प्रस्ताव तैयार करने में लगे हैं। यूटिलिटी शिफ्टिंग के बाद पूरी सड़क को बीडीए के बजट से चार से छह लेन कराने की तैयारी है। चूंकि बीडीए यूटिलिटी शिफ्टिंग के काम नहीं करता है। बीडीए सिर्फ सड़कों का चौड़ीकरण कराता है। अब यदि 4.6 किलोमीटर हिस्से को लोक निर्माण विभाग दो से चार लेन करा देता है तो बीडीए पूरे 11 किलोमीटर मार्ग को छह लेन कराने की प्रक्रिया करेगा। अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें