बरेली। यात्रियों को ट्रेनों की तरह रोडवेज बसों की लाइव लोकेशन देने के लिए शुरू की गई व्यवस्था फेल हो रही है। सेटेलाइट और पुराना बस अड्डे पर लगाई गई एलईडी पर सही जानकारी प्रदर्शित नहीं हो रही। न तो बसों का पता चल रहा है और न ही रूट का। इतना ही नहीं बसों की समय सारिणी भी गलत दिख रही है।
रोडवेज बसों की समय सारिणी निर्धारित न होने के कारण यात्रियों को समस्या होती है। रोडवेज ने इसके लिए बसों को वीटीएस (व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम) से लैस किया है। बस अड्डों पर बड़ी एलईडी भी लगाई गई है ताकि इन पर यात्रियों को संबंधित बस अड्डे के रूट और इन रूटों पर चल रहीं बसों की लाइव लोकेशन मिल सके। सुगम यात्रा नाम से मोबाइल एप भी जारी किया गया है। वीटीएस का क्षेत्रीय, परिक्षेत्र व मुख्यालय स्तर पर कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। महाकुंभ से पहले बसों की लाइव लोकेशन एलईडी पर एक सप्ताह से प्रदर्शित की जाने लगी है, लेकिन जो लोकेशन दिख रही है, बसों का संचालन उनके अनुसार नहीं हो रहा। बस क्यों देरी से पहुंची, कहां-कितनी देर खड़ी रही, इसकी भी सही सूचना नहीं मिल रही। अधिकारियों का कहना है कि सिस्टम को अपटेड किया जा रहा है।
महाकुंभ के लिए आज से शुरू होगी बसों की रवानगी
महाकुंभ के लिए रोडवेज बसों की रवानगी शुक्रवार से शुरू हो जाएगी। बरेली परिक्षेत्र के बरेली, रुहेलखंड, बदायूं और पीलीभीत डिपो की 430 बसें महाकुंभ के लिए दी गई हैं। दो महीने पहले ही इन बसों को पूरी तरह से फिट करने का काम शुरू कर दिया गया था। महाकुंभ के लिए आवंटित सभी बसों में वीटीएस भी लगाए गए हैं। प्रयागराज में बरेली रीजन का वर्कशॉप भी बनाया गया है।
तकनीकी कारणों से समस्या
सभी बसों में वीटीएस लगाया जा चुका है। सिस्टम को अपटेट किया जा रहा है। ज्यादातर बसों की लाइव लोकेशन मिल रही है। कुछ तकनीकी कारणों से समस्या आ रही है। इसे भी ठीक किया जा रहा है।
-धनजीराम, सेवा
संवाद