The vehicle of an independent candidate who is campaigning for SP has been seized.
बरेली/बिशारतगंज। निर्वाचन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक वैसे तो जिले की नौ सीटों के लिए 97 प्रत्याशी खड़े हैं लेकिन इनमें कुछ प्रत्याशियों के प्रत्याशी भी हैं। शनिवार को यह खेल तब पकड़ा गया जब एक निर्दलीय प्रत्याशी की गाड़ी बिशारतगंज में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अगम मौर्य का प्रचार करते पकड़ी गई। बताया जा रहा है कि ऐसे ही कई और प्रत्याशियों की गाड़ियां प्रमुख दलों के प्रचार में जुटी हैं।
यह खेल बिथरी चैनपुर विधानसभा क्षेत्र में पकड़ा गया। बिशारतगंज में निर्दलीय प्रत्याशी देवेंद्र कुमार का वाहन सपा प्रत्याशी अगम मौर्य का प्रचार कर रहा था। इंस्पेक्टर बिशारतगंज अखिलेश कुमार प्रधान के मुताबिक रम्पुरा-अलीगंज मार्ग पर अंटुआ बिजली घर के पास एफएसटी और पुलिस टीम शनिवार दोपहर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक टाटा मैजिक पर समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी अगम मौर्य के प्रचार की एलईडी स्क्रीन और लाउडस्पीकर लगा पाया गया। ड्राइवर आनंद स्वरूप से जब अनुमति पत्र मांगा गया तो वह निर्दलीय उम्मीदवार देवेंद्र कुमार का निकला। इस पर पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया।
बताया जा रहा है कि इसी तरह कई और निर्दलीय प्रत्याशियों के नाम वाहनों की अनुमति ली गई है लेकिन ये वाहन प्रमुख दलों के प्रत्याशी का प्रचार कर रहे हैं। पूरा खेल दूसरे प्रत्याशी के वोट काटने और चुनाव का खर्च बचाने के लिए चल रहा है। जो प्रत्याशी मुख्य चुनावी संघर्ष में शामिल हैं, उन्होंने छोटे प्रत्याशी के नाम पर वाहनों की अनुमति ले रखी है।