भुता। कस्बे में फरीदपुर मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात ट्रक ने टक्कर मारकर ट्रांसफार्मर व बिजली के पांच खंभे तोड़ दिए। इससे आधे कस्बे की विद्युत व्यवस्था 24 घंटे से ठप है। वहीं, चौराहे पर ड्यूटी कर रही पुलिस ने ट्रक को थाने में खड़ा करा लिया। बाद में पुलिस ने ट्रक को छोड़ दिया। इधर, विद्युत उपकेंद्र के जेई ने तहरीर दी है।
बृहस्पतिवार रात कस्बे के तिराहे से फरीदपुर मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर व पांच बिजली के खंभे ट्रक ने टक्कर मारकर तोड़ दिए। इससे आधे कस्बे की विद्युत व्यवस्था ठप होने से कई इलाके अंधेरे में डूब गए हैं। तिराहे से पुलिस ने ट्रक को पकड़कर थाने ले गई, जिसे बाद में छोड़ दिया। सूचना पर बिजली विभाग के जेई रामदेव वर्मा मौके पर पहुंचे और बिजली के कर्मियों को लगाकर बिजली के नए खंभे लगाने का काम शुरू करवा दिया है। उन्होंने ट्रक चालक के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।
बिजली गुल रहने से लोग परेशान रहे। इधर, एसडीओ अक्षय कुमार यादव ने बताया कि नए विद्युत पोल लगाने का काम चल रहा है। शीघ्र ही विद्युत व्यवस्था ठीक कराकर बिजली आपूर्ति शुरू करा दी जाएगी। संवाद