बरेली। केंद्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम लगभग 10 दिन तक शहर में रुकेगी और सर्वेक्षण पूरा करेगी। एक-दो दिन में टीम आने की संभावना हैं। वहीं सर्वेक्षण के लिए टीम को लोकेशन सीधे दिल्ली से दी जाएगी। टीम कब कहां जाएंगी यह किसी को नहीं पता होगा, लेकिन अगर कूड़ा फेंकते और थूकते हुए पाए गए तो भी नंबर कटेंगे। इसको लेकर नगर निगम के सभी विभाग साफ-सफाई को लेकर अलर्ट पर है।
स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए टीम कभी भी बरेली आ सकती है। पांच से 10 दिन तक रुकने वाली टीम सफाई, सॉलिड और लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट से जुड़े प्लांट का निरीक्षण करेंगे। नगर निगम के अधिकारी बरेली को इस बार देश के टॉप-20 शहरों में लाने की कवायद में जुटे हुए हैं। इसको लेकर कई बार महापौर और नगर आयुक्त ने बैठक में बातचीत भी की है। हालांकि यह भी आसान नहीं है। खास बात यह है कि टीम को सीधे दिल्ली से सर्वेक्षण के लिए लोकेशन दी जाएगी, जहां की सफाई व्यवस्था को परखने के लिए टीमों को पहुंचना है। इसमें मौके से सीधे फोटो अपलोड करने होंगे। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने टीम के आने से पहले ही सभी अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य, निर्माण, जलकल, एसबीएम, स्मार्ट सिटी समेत तमाम टीमों को चेतावनी देते हुए कहा गया है कि कोई भी अपनी जिम्मेदारी से पीछे न हटे। सभी अधिकारी व कर्मचारी शाम छह बजे तक फील्ड में रहेंगे।
टीम जनता से फीडबैक भी लेगी
नगर निगम अपनी ओर से तैयारियां कर रहा है, लेकिन जनता का योगदान भी इसके लिए बेहद जरुरी है। टीम कब कहां जाएंगी यह किसी को नहीं पता होगा, लेकिन अगर कूड़ा फेंकते और थूकते हुए पाए गए तो भी नंबर कटेंगे। वहीं ऐसे कृत्यों के फोटो भी सीधे अपलोड किए जाएंगे। वहीं खाली प्लॉट, मोहल्ले, गलियों में साफ सफाई की व्यवस्था को भी परखा जाएगा और जनता से फीडबैक भी टीम लेगी। इसी के आधार पर टीम रैंकिंग देगी। संवाद
स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम के कभी भी आ सकती है। नगर निगम की टीमों को लगाया गया है। स्वास्थ्य विभाग के साथ तमाम विभागों को अलर्ट पर रखा गया है। जनता से भी अपील है कि वह साफ सफाई में सहयोग करें। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त