बरेली। सितंबर में डेलापीर की फल मंडी में हुए अग्निकांड में जली दुकानों की सूरत जल्द बदलने वाली हैं। मंडी में बनी 22 दुकानों के बनाने के लिए टेंडर प्रकिया पूरी हो गई है। जल्द ही इनका निर्माण कार्य शुरु हो जाएगा। वही मंडी में फायर सिस्टम लगाने के लिए भी शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
डेलापीर की फल मंडी में छह सितंबर को अग्निकांड में 22 दुकानें जल कर राख हो गई थी, जिसमें फल कारोबारियों का लाखों रुपये का नुकसान हुआ था। व्यापारियों नई दुकान बनाने की मांग कर रहे थे। मंडी समिति के सचिव संतोष कुमार ने बताया कि शासन को 22 दुकानों के निर्माण के लिए 54 लाख रुपये का प्रस्ताव बनाकर भेजा गया था। शासन की ओर से रकम स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जल्द ही इसका निर्माण कार्य शुरु होने वाला हैं।
मंडी में लगेगा फायर सिस्टम, शासन को भेजा प्रस्ताव
जांच में पता चला की मंडी में आग बुझाने के इंतजाम नहीं थे, जिस वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। जिसके चलते अन्य दुकान भी आग की चपेट में आ गई थी। मंडी समिति की ओर से शासन को मंडी में फायर सिस्टम लगाने के लिए 62 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है। जिसे जल्द ही शासन से स्वीकृति मिलने की संभावना है। मंडी में लगने वाले फायर सिस्टम में पूरे मंडी परिसर में पानी की पाइप लाइन, छह वाटर हाईड्रेंट के साथ ही के साथ ही सभी दुकानों पर पानी के कनेक्शन लगाए जाएंगे। संवाद