बरेली। शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के दावों पर सवाल उठने लगे है। नगर निगम के निर्माण विभाग का सिस्टम नाकाम हुआ तो कुतुबखाना की इंदिरा मार्केट में दुकानदारों ने मलबा डालकर खुद गड्ढे भरे। जनसेवा समिति के अध्यक्ष पम्मी वारसी ने बताया कि प्रमुख मार्केट की सड़क ठीक नहीं होगी तो कहां होगी। उन्होंने एक महीने पहले नगर निगम जाकर खुद महापौर को ज्ञापन दिया था। कई बार व्यापारी भी मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। मुख्य अभियंता मनीष अवस्थी का कहना कि संबंधित जेई को मौके पर भेजकर रिपोर्ट लेंगे। सड़क को ठीक कराया जाएगा। ब्यूरो
दुकानदारों की बात
गड्ढों में बारिश के समय कीचड़ हो जाता है और आवागमन के दौरान वाहन गिरने का खतरा रहता है। एक महीने पहले शिकायत की थी, लेकिन जब कुछ नहीं हुआ तो कटरा मोहल्ले से पुराने मकान का मलबा लाकर हमने गड्ढे भर लिए। उम्मीद है कि नगर निगम के अधिकारी आएंगे। -नईम कुरैशी, इंदिरा मार्केट
दस साल पहले सड़क बनी। अब टूट गई है। कई बार ई-रिक्शा पलट चुके हैं। जब जिम्मेदार नहीं चेते तो हम लोगों ने मलबे भरा, लेकिन बारिश में मलबा बह गया। रात में कई लोग गिर चुके हैं। मैंने देखा कि सड़क ऊंची न होने से कई लोग गिरे है। - मोहम्मद नदीम, इंदिरा मार्केट