मुफ्त तमाशा देखने के चक्कर में हुआ बवाल, मेले में की तोड़फोड़
विरोध में लामबंद हुए लोग, डांस पार्टी, झूला समेत सब हुआ बंद
बरेली। मुफ्त तमाशा न दिखाने पर चौबारी मेला में दबंगों ने शुक्रवार रात जमकर उत्पात मचाया। काला जादू के कर्मचारियों से मारपीट कर तोड़फोड़ की और फिर डांस पार्टी में हंगामा कर दिया। इस पर पुलिस ने उत्पात कर दबंगों को डांस पार्टी में ही घेर लिया और जमकर लाठियां फटकारीं। हंगामे के चलते मेला में झूला, काला जादू समेत सबकुछ बंद हो गया।
शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे कुछ स्थानीय दबंग काला जादू में मुफ्त घुसने की कोशिश कर रहे थे। बताया जाता है कि वहां कि स्टाफ ने उन्हें रोक दिया, जिस पर विवाद हो गया। पहले तो दबंगों ने वहां के स्टाफ मारपीट की और फिर डंडों से वहां लगी लाइट तोड़ दीं। हंगामा के चलते वहां अफरातफरी की स्थिति बन र्गई। इससे वहां पर काला जादू बंद हो गया और उसके आसपास एक-दो अन्य तमाशे भी बंद हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची लेकिन तब तक दबंग भाग चुके थे।
इसके करीब आधा घंटा बाद डांस पार्टी में नर्तकियों को रुपये देने को लेकर विवाद हो गया। हंगामा की सूचना पर पुलिस डांस पार्टी में पहुंच गई और गेट को अंदर से बंद करके वहां हंगामा कर रहे लोगों पर जमकर लाठियां फटकारियां। इससे वहां भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। इस हंगामा के बाद डांस पार्टी का संचालन भी बंद हो गया। वहीं, मेले का माहौल खराब होते देख झूला समेत अन्य कलाओं का प्रदर्शन करने वालों ने भी सब बंद कर दिया।
विवाद की सूचना आई थी तो सीओ द्वितीय को भेजा गया है। अब सबकुछ ठीक है। मेले में पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है। अब किसी को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। - रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी