कट्टे का वजन 51 किलो होने के बावजूद कोटेदार बोले- एफसीआई गोदाम से कम मिलता है राशन
बरेली। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना में तमाम कोटेदारों ने जमकर घटतौली की। प्रत्येक कार्ड पर एक से दो किलो तक राशन कम दिया। लाभार्थियों ने कम अनाज देने पर आपत्ति जताई तो कोटेदारों ने एफसीआई गोदाम से ही कट्टे में दो से तीन किलो तक राशन कम मिलने की बात कही। हालांकि, जब मौके पर कट्टे की तौल कराई गई तो उसका वजन 51 किलो पाया गया। यानी उसमें पूरे 50 किलो चावल था।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन के दौरान प्रभावित रहे गरीबों को मुफ्त राशन देने के लिए प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना यानी अन्न महोत्सव का एलान किया था। इसी के तहत बृहस्पतिवार को जिले की सभी 1805 उचित दर राशन की दुकानों पर कार्डधारकों को निशुल्क राशन बांटा गया। अमर उजाला की टीम ने शहर स्थित कटरा चांद, नवादा शेखान के कोटे की दुकानों पर राशन वितरण का जायजा लिया। एक दुकान छोड़कर बाकी सभी पर एक से दो किलो तक राशन की तौल कम हो रही थी। कोविड प्रोटोकॉल के नियम भी दरकिनार थे। लोग भी मास्क लगाकर नहीं पहुंच रहे थे।
लाभार्थियों के बीच दो गज की दूरी रखने के लिए डीएम नितीश कुमार के सख्त निर्देश के बावजूद दुकान के बाहर गोल घेरे नहीं बने थे। ज्यादातर दुकानों पर सैनिटाइजर नदारद था, राशन की तौल करने वाले कर्मचारी और कोटेदार भी मास्क नहीं लगाए थे। कोटेदारों ने लाभार्थियों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की हिदायत देने की बात कही पर वह खुद ही नियमों का मखौल उड़ाते दिखाई दिए।
लोग बोले: वर्षों से हो रही राशन की घटतौली
राशन लेने के लिए पहुंचे लाभार्थियों का कहना था कि वर्षों से एक से दो किलो तक प्रत्येक कार्ड पर राशन कम मिल रहा है। आपत्ति जताने पर कोटेदार नाम काटने की धमकी देते हैं। सभासद से शिकायत पर कार्रवाई का आश्वासन ही मिलता है। शुरुआत में अफसरों से शिकायत की पर वह भी कोई कार्रवाई नहीं करते, इसलिए अब शिकायत करने के लिए भागदौड़ करने के बजाय कम राशन में ही गुजारा कर रहे हैं।
कोटेदार करते रहे घटतौली, अफसर समारोह में रहे व्यस्त
आजादनगर स्थित कौशल्या देवी के कोटे पर अन्न महोत्सव का निरीक्षण करने पहुंचे डीएम से लाभार्थियों ने घटतौली होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने तत्काल डीएसओ नीरज सिंह को मौके पर पहुंचकर जांच करने के निर्देश दिए, लेकिन डीएसओ ने खुद मौके पर पहुंचने के बजाय जांच की जिम्मेदारी एआरओ अमित सिंह यादव को सौंप दी पर एआरओ ने कार्यक्रम में व्यस्तता बताकर निरीक्षण करने में असमर्थता जता दी।
सर्वर डाउन होने से परेशान रहे लाभार्थी
नेटवर्क की वजह से तमाम लाभार्थियों को राशन वितरण काफी देर बाद हो सका। इसकी वजह से वे कई घंटे लाइन में लगे रहे। कोटेदारों का कहना था कि जैसे ही नेटवर्क मिल रहा था, तत्काल लाभार्थियों के अंगूठे के निशान ले रहे थे ताकि नेटवर्क की अड़चन होने के दौरान सत्यापित हो चुके लोगों को राशन वितरण किया जा सके। लाइन में काफी देर तक खड़े लोग तेज धूप और उमस के चलते बेहाल रहे।
आठ लाख लाभार्थी, 80 हजार बैग वितरित
राशन वितरण के लिए डीएम नितीश कुमार ने शासन की ओर से भेजे गए बैग प्रत्येक राशन दुकान तक पहुंचाने के निर्देश दिए थे। अलग-अलग कोटे की दुकान पर लाभार्थियों की तादाद दो सौ से करीब एक हजार तक रही। कोटेदार लाभार्थियों को बैग देने के बजाय घर से झोला या कट्टा लाने पर ही राशन दे रहे थे। कोटेदारों ने 20 से 40 बैग ही मिलने की बात कही। अफसरों ने बताया कि शासन से 80 हजार बैग मिले थे।
राशन की दुकानों पर ऐसा रहा माहौल
- - कटरा चांद खां स्थित कोटेदार फरीदा बेगम की दुकान पर सुबह साढ़े नौ बजे लाभार्थियों का जमावड़ा था। कोटेदार मौके पर मौजूद नहीं थीं, कर्मचारी वितरण कर रहे थे। सामाजिक दूरी और मास्क किसी ने नहीं लगाया था। बातचीत में लोगों ने घटतौली की बात कही। कर्मचारी से बात की तो उसने गोदाम से प्रत्येक कट्टे में कम राशन मिलने की बात कही।
- - सुबह पौने नौ बजे कटरा चांद खां के कोटेदार अफजाल अहमद के यहां दो ही लाभार्थी पहुंचे थे। कोटेदार ने खुद ही करीब पांच सौ ग्राम से एक किलो तक राशन कम देने की बात स्वीकार की। तर्क दिया कि गोदाम से ही कट्टाें में राशन कम आता है। इसकी भरपाई लाभार्थी के राशन में कटौती करके करते हैं। मौके पर एक कट्टे का चयन कर वजन कराया गया तो वह 51 किलो का था। यानी उसमें पूरे 50 किलो चावल था। वजन पूरा मिलने पर कोटेदार ने चुप्पी साध ली।
- - सुबह सवा दस बजे कटरा चांद खां के कोटेदार मोहम्मद सुमैल खान की राशन दुकान फूलोें से सजाई गई थी। नेटवर्क के इंतजार में लोग कतार में लगे थे। कोटेदार ने बताया कि सुबह भाजपा संगठन के पदाधिकारी उमेश कठेरिया आदि ने वितरण का शुभारंभ किया था। मौजूद लोगों ने कार्ड पर दर्ज यूनिट के अनुसार पूरा राशन मिलने की बात कही।
- - सुबह साढ़े दस बजे नवादा शेखान स्थित कोटे की दुकान पर भी लाभार्थियों की लंबी कतार लगी थी। राशन वितरण नहीं हो रहा था। कोटेदार ने बताया कि अभी नेटवर्क मिला है, इसलिए सभी का एक साथ अंगूठा पॉश मशीन पर लगवा रहे हैं बाद में वितरण कर देंगे। लाभार्थियों से बात की तो उन्होंने प्रत्येक कार्ड पर एक किलो तक राशन कम मिलने की बात कही।
- - पूर्वाह्न 11 बजे आजादनगर स्थित कोटेदार कौशल्या की राशन दुकान पर ताला लगा था। नगर निगम के कर्मचारी चूने का छिड़काव कर रहे थे। बताया कि यहां पर जनप्रतिनिधि राशन वितरण योजना का शुभारंभ करेंगे। गली के बाहर एक मैरिज लॉन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी समारोह स्थल का निरीक्षण करने डीएम, सीडीओ, डीएसओ आदि पहुंचे थे।
लाभार्थी बोले: महोत्सव में पूरा राशन मिलने की थी उम्मीद
- हमें हमेशा ही एक से दो किलो तक राशन कम मिल रहा था। उम्मीद थी कि महोत्सव के दिन पूरा राशन मिलेगा पर उसमें भी घटतौली हो रही है। कोई सुनने को तैयार नहीं। - जगदीश, कटरा चांद खां
- क ट्टे में राशन कम मिलने की बात कहकर वर्षों से घटतौली की जा रही है। पहले प्रत्येक यूनिट पर घटतौली होती थी, अब एक कार्ड पर एक से दो किलो तक कम राशन देते हैं। - पूनम, कटरा चांद खां
- राशन लेने के बाद कभी जांचा नहीं कि राशन कम है। मुझे पूरा भरोसा है कि कोटेदार राशन कम नहीं दे रहे हैं। कट्टे में ही कम आएगा तो फिर कोटेदार भी क्या करे। - उज्मा बी, कटरा चांद खां
- मुझे चार यूनिट राशन मिलता है। इसमें सात किलो चावल और 13 किलो गेहूं रहता है। घटतौली खूब हो रही है पर अफसर, कर्मचारी सब मिले हैं। कोई सुनता ही नहीं। - रेहाना बी, नवादा शेखान
अफसर बोले: समारोह में थी व्यस्तता, कल करेंगे जांच
- - अन्न महोत्सव का आयोजन हुआ था। व्यस्तता के चलते एआरओ जांच को नहीं जा सके होंगे। दुकान वहीं रहेगी। कोटेदार भी कहीं भाग नहीं जाएगा, शुक्रवार को जांच कर लेंगे। - नीरज सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी
- - साढ़े ग्यारह बजे से समारोह की व्यवस्था में लगा था, करीब एक बजे कार्यक्रम शुरू हुआ। उसके बाद जांच करने जाने का मौका ही नहीं मिला। शुक्रवार को दुकानों की जांच हो जाएगी। - अमित सिंह यादव, एआरओ
जिले में 1889.37 मीट्रिक टन गेहूं और 1259.558 मीट्रिक टन चावल का वितरण
अन्न महोत्सव के तहत अंत्योदय, पात्र गृहस्थी योजना के 148932 राशन कार्डों में शामिल 629779 यूनिटों पर 1889.37 मीट्रिक टन गेहूं और 1259.558 मीट्रिक टन चावल बृहस्पतिवार को वितरित किया गया। प्रत्येक यूनिट पर पांच किलो राशन (तीन किलो गेहूं, दो किलो चावल) दिया गया। नोडल अधिकारी चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के सचिव रविंद्र ने डीएम के साथ गांव मल्लपुर में राशन बांटा।
जनप्रतिनिधियों ने भी बांटा राशन
मल्लपुर में भोजीपुरा विधायक बहोरन लाल मौर्य, गुलाबनगर में शहर विधायक डॉ. अरुण कुमार, डेलापीर में मेयर उमेश गौतम, बिथरी चैनपुर के ग्राम भरतौल में विधायक राजेश मिश्र उर्फ पप्पू भरतौल, रामनगर में विधायक धर्मपाल सिंह, फरीदपुर में विधायक डॉ. श्याम बिहारी लाल, मिर्जापुर औरंगाबाद में विधायक छत्रपाल सिंह और मीरगंज में विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने कोटे की दुकान पर राशन बांटा।
उचित दर की दुकानों पर राशन कम वितरित होने की शिकायत की जांच जिला पूर्ति अधिकारी करेंगे। अगर घटतौली की पुष्टि हुई तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - नितीश कुमार, डीएम