शहर में कई स्थानों पर गणेश उत्सव धूम धाम के साथ मनाया जा रहा है। यह उत्सव शनिवार को अपने शबाब पर रहा। हर जगह श्रद्धा और भक्ति के माहौल के बीच विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
बिहारीपुर दरगईया गली स्थित श्री शिव शक्ति दुर्गा जी धाम मंदिर पर श्री गणेश उत्सव छठे दिन भी जारी रहा। सुबह में भगवान श्री गणेश महाराज के पूजन के बाद आरती व प्रसाद वितरण किया गया। शाम को आशुतोष प्रदोष मंडल के पंडित अन्नू महाराज संजय शर्मा ने प्रदोष पूजन संपन्न कराया। इसके प्रदोष मंडल के कलाकारों ने भजन के माध्यम से भगवान का गुणगान किया। अंत में आरती की गई। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मेयर सुभाष पटेल र और व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता ने पंडाल में गणेश महाराज की आरती कर आशीर्वाद लिया।
मराठा बुलियन एसोसिएशन की ओर से आलमगीरीगंज स्थित बाबू राम धर्मशाला में श्री गणेस उत्सव मनाया जा रहा है। इसमें शनिवार को सुबह आरती हुई। इसके बाद शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया। इसमें पंकज एंड पार्टी के माध्यम से प्रस्तुत किए गए भजनों से पंडाल का वातावरण गणेशमय हो गया। जिला ब्राह्मण सभा की ओर मंदिर श्री रघुनाथ जी में गणेशोत्व में पूजन के बाद माता ज्वाला देवी का जागरण किया गया। उत्सव समापन की पर्व संध्या पर यहां प्रतिदिन हुए प्रश्नोत्तर कार्यक्रम में सही जवाब देेने वालों को पुरस्कृत किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समीर सौरभ व एसडीएम अपूर्वा दुबे रहे।
बमनपुरी में श्री गणेश महोत्सव में गौरी पुत्र श्री गणेश मित्र मंडल की ओर से सुबह गणेश वंदना के बाद सत्य नारायण की कथा हुई। दिन में भंडारे के बाद शाम को भजन संध्या सजाई गई। वहीं यहां सजी झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। देर रात आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। जकाती मोहल्ला स्थित वशिष्ठ ज्योति केंद्र में गणेश उत्सव के अंतर्गत भजन कीर्तन का आयोजन किया गया। उधर श्री गणेश पूजन समारोह समिति की ओर से चौकी चौराहा पर चल रहे गणेश महोत्सव का समापन हो गया। अंतिम दिन मटकी फोड़ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें गोविंदा दल के दीपक ग्रुप ने विजय प्राप्त कर 1001 रुपये व शील्ड प्राप्त की। जो भूपेंद्र नाथ वर्मा के हाथों दिया गया।