शाम के बाद शटर गिराकर बेची मिठाई, पुलिस ने भी निगाहें चुराईं
बरेली। रक्षाबंधन की वजह से लॉकडाउन का दिन होने के बावजूद रविवार को बाजार खुला तो एक बार फिर सारे नियम-कायदे धरे रह गए। दोपहर बाद बाजार में मिठाई और राखियां खरीदने के लिए ऐसी भीड़ उमड़ी कि सारी हिदायतों की धज्जियां उड़ गईं। भीड़भाड़ में तमाम लोगों के चेहरों पर एक तो मास्क नहीं था और इसके बावजूद उन्होंने आपस में दूरी रखने की एहतियात भी नहीं दिखाई। प्रशासन के निर्देशों के मुताबिक शाम पांच बजे बाजार बंद हो जाना चाहिए था लेकिन गली-मोहल्लों और कालोनियों में रात नौ बजे तक मिठाई की दुकानों पर भीड़ जमी रही। पुलिस की अनदेखी से कंटेन्मेंट जोन में भी मिठाई की दुकानें खुल गईं। हंगामा हुआ तो उन्हें बंद कराया गया।
जिला प्रशासन ने रविवार को लॉकडाउन होने के बावजूद रक्षाबंधन की वजह से सुबह नौ से शाम पांच बजे मिठाई, बेकरी और राखी की दुकानें खोलने की अनुमति दी थी। हालांकि मिठाई की दुकानें सुबह नौ से पहले ही खुलनी शुरू हो गईं। राखी का बाजार और फड़ भी सज गए। सुबह तो बाजार में इसके बावजूद खरीदारों की भीड़ कम रही लेकिन दोपहर बाद भीड़ बढ़ने लगी। ज्यादातर लोगों यह पता नहीं था कि दुकानें शाम पांच बजे तक ही खुलेंगी लिहाजा शाम को खरीदारी करने को ज्यादा भीड़ इकट्ठी हो गई। सिविल लाइंस और बड़ा बाजार जैसे प्रमुख इलाकों में मिठाई कारोबारियों ने तो समय पर दुकानें बंद कर दीं लेकिन सौफुटा रोड, राजेंद्रनगर, मीरा की पैंठ, सुभाषनगर, बीआई और सदर बाजार, पुराना शहर, संजयनगर, सीबीगंज, करगैना आदि इलाकों में देर रात तक मिठाई और राखी बाजार सजा रहा। रिठौरा में कंटेन्मेंट जोन होने के बावजूद सुबह से ही दुकानें सज गईं। पुलिस ने भी उन्हें बंद कराने की कोशिश नहीं की। जिले के दूसरे कस्बों में भी यही हाल रहा।
बेतहाशा भीड़ उमड़ी मगर मनपसंद मिठाई नहीं मिलीं
दुकानों पर लोगों को मिठाई चुनने के विकल्प कम ही थे। घेवर और लड्डू की जरूर दुकानों पर भरमार थी। दोपहर बाद जुटी भीड़ के बाद लोगों का जोर सिर्फ किसी तरह मिठाई डिब्बा खरीदने पर रहा। रक्षाबंधन पर रात भर कारोबार होता रहा है लेकिन इस बार लॉकडाउन होने से सीमित समय में कारोबार हुआ।
खरीदारी की होड़ में नहीं रहा आपसी दूरी रखने का ख्याल
बाजार में शारीरिक दूरी का पालन कम दिखा। यही स्थिति मास्क लगाने वालों की रही। तमाम दुकानदार भी मास्क नहीं लगाए हुए थे। तमाम दुकानों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था ही नहीं थी। श्यामगंज पीलीभीत कोठी के पास एक दुकान पर यह स्थिति थी कि लोग मिठाई खरीदने के लिए एक के ऊपर एक चढ़े हुए थे।
देर रात तक सजा रहा राखी बाजार
राखी कारोबार पर पुलिस मेहरबान रही। देर रात तक दुकानें खुलने के बावजूद पुलिस ने कोई रोकटोक नहीं की। कुतुबखाना, अस्पताल मार्ग, मोती पार्क, सिविल लाइंस समेत तमाम स्थानों पर फड़ सजे। बाजार में मनपसंद राखियां उपलब्ध रहीं। सोमवार सुबह नौ से रात नौ बजे तक मिठाई और राखी बाजार खुला रहेगा।