बरेली। जिला विकास अधिकारी कार्यालय में तैनात रहे प्रशासनिक अधिकारी श्रीराम शर्मा पर लगे आरोप की जांच जिला समाज कल्याण अधिकारी डेढ़ साल से दबाए बैठे हैं। वहीं, पटल सहायक ने प्रशासनिक अधिकारी के सेवानिवृत्त होने पर उनके सभी देय सांठगांठ से निकलवा दिए। इसको लेकर ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ पेंशनर्स के पदाधिकारियों ने डीएम से शिकायत की है।
संगठन के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह पटेल बताया कि डीएम की ओर से प्रशासनिक अधिकारी श्रीराम शर्मा को 31 जनवरी 2024 को आरोप पत्र दिया था। इससे पहले अति गोपनीय अभिलेख व सेवा पुस्तिकाएं बिना अनुमति के उपलब्ध कराने आदि के आरोप में श्रीराम को तीन जनवरी 2024 को नोटिस दिया गया था।
साथ ही जांच अधिकारी के तौर पर डीएम ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को नामित किया था, पर आज तक इसकी जांच पूरी नहीं हो सकी। जबकि, श्रीराम शर्मा इस साल सेवानिवृत्त हो गए। जांच दबी होने का फायदा उठाते हुए जिला विकास कार्यालय में तैनात स्थापना सहायक ने इनके सभी देयों का भुगतान करवा दिया। अब मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। संवाद