बरेली। बरेली होकर चलने वाली देहरादून-लखनऊ और मेरठ-वाराणसी वंदे भारत एक्सप्रेस में कोचों की संख्या आठ से बढ़ाकर 10 की जाएगी। दोनों गाड़ियों में दो-दो नए कोच लगाए जाएंगे।
मेरठ-लखनऊ के बीच 60 फीसदी खाली सीटों के साथ दौड़ने वाली मेरठ-लखनऊ वंदे भारत को अयोध्या होते हुए वाराणसी तक विस्तार दिए जाने के बाद यह ट्रेन फुल होकर चल रही है। अब तक आठ कोच की वंदे भारत में चेयरकार श्रेणी के सात कोच में 546 और एक्जीक्यूटिव श्रेणी के एक कोच में 52 सीटें हैं।
दो नए कोचों में एक चेयरकार और एक एक्जीक्यूटिव श्रेणी का कोच होगा। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पहले मेरठ-वाराणसी और इसके बाद देहरादून-लखनऊ वंदे भारत में कोच बढ़ाने की योजना है। देश भर में संचालित हो रहीं सभी वंदे भारत में कोचों की संख्या को बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा मार्च 2026 से पहले कुछ नई वंदे भारत और वंदे भारत स्लीपर का भी संचालन शुरू कर दिया जाएगा। संवाद