बरेली। स्मार्ट सिटी एडवाइजरी कमेटी की बैठक में कुतुबखाना पुल और स्काईवॉक का मुद्दा छाया रहा। महापौर ने दोनों की प्रगति पूछी। इस पर सीईओ निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि कुतबखाना पुल 31 अक्तूबर और स्काईवॉक का निर्माण 31 जुलाई तक पूरा हो जाएगा। मजदूरों के साथ जरूरत के हिसाब से निर्माण में सहयोग देने वाली मशीनों की संख्या बढ़ेग, ताकि निर्माण तय समय अवधि में ही पूरा हो सके।
नगर निगम में शनिवार को महापौर डाॅ. उमेश गौतम की अध्यक्षता में बरेली स्मार्ट सिटी की एडवाइजरी कमेटी की बैठक हुई। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं का काम समय से पूरे कराए जाएं। इसमें अगर कहीं कोई कोताही बरते तो उसका संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए। अर्बन हाट-हैंडीक्राॅफ्ट सेंटर प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा कराने पर जोर दिया गया। सांसद संतोष गंगवार ने अधिकारियों से कहा कि सभी प्रमुख प्रोजेक्ट दिसंबर तक पूरे कर लिए जाएं। स्मार्ट सिटी के सीईओ निधि गुप्ता वत्स, एसीईओ सुनील कुमार यादव, लेखाधिकारी एचपी नारायण, अलावा अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सांसद व नगर आयुक्त के साथ एडवाइजरी कमेटी के सदस्यों ने शहर में चल रहे विकास कार्यों को लेकर विचार-विमर्श किया।