गहने, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स सहित अन्य सेक्टर में बुकिंग के लिहाज से 800 करोड़ के कारोबार का अनुमान
बरेली। धनतेरस के शुभ मुहूर्त में बाजार पर धनवर्षा के साथ शनिवार से रोशनी के पर्व दिवाली का आगाज होगा। ग्राहकों के स्वागत में बाजार भी सजकर तैयार हैं। गहने, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स व अन्य सेक्टर में बुकिंग के लिहाज से व्यापारियों ने 800 करोड़ के कारोबार का अनुमान जताया है।
पारंपरिक मान्यतानुसार धनतेरस पर धातु खरीदने से सुख-समृद्धि और धन-धान्य परिवार में बरकरार रहता है। इसलिए धनतेरस पर सोने-चांदी के सिक्के समेत गाड़ी, बर्तन, होम एप्लांयसेज (घरेलू उपकरण) की खरीदारी ज्यादा होती है। व्यापारिक संगठन पदाधिकारियों के मुताबिक, धनतेरस से पहले लोगों ने बड़ी तादाद में गहने, गाड़ियों, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बुकिंग कराई है। इनकी डिलीवरी धनतेरस पर होगी। वहीं, घर के लिए जरूरी बर्तनों की भी जमकर बिक्री होगी। नए डिजाइन में एल्युमिनियम तांबे, फूल बर्तन की अच्छी मांग है।
त्योहार का मौका हो और मुंह मीठा न हो यह मुमकिन नहीं। इसलिए बाजार में मिठाइयों की खरीदारी का भी अच्छा कारोबार का अनुमान जताया जा रहा है। मिठाई के साथ ही, ड्राई फ्रूट्स की खरीदारी पिछले सप्ताह भर से शुरू हो चुकी है। यह सिलसिला पंच दिवसीय दीपोत्सव तक जारी रहेगा। ब्यूरो
शनिवार को भी होगी बुकिंग, ज्यादातर डिलीवरी दिवाली पर
वाहन कारोबारी सचिन भसीन के मुताबिक इस बार धनतेरस शनिवार को है। मान्यतानुसार कई लोग लोहा घर नहीं ले जाते। ऐसे में उन्होंने वाहन तो बुक किए हैं, लेकिन डिलीवरी दिवाली पर लेंगे। इन्होंने पंच दीपोत्सव पर्व के दौरान करीब पांच सौ कार और दो हजार बाइक बिक्री का अनुमान जताया है। बताया कि जीएसटी की दर कम होने से भी कारोबार में तेजी रहेगी। शुक्रवार को बाइक, कार शोरूम पर बुकिंग का दौर जारी रहा।
बाजार में एक ग्राम से कम वजन की अंगूठी, एक तोले का हार
सराफा कारोबारी मोहित आनंद के मुताबिक इसी वर्ष जनवरी से अब तक सोने-चांदी की कीमतों में करीब 60 फीसदी से ज्यादा बढ़त हो चुकी है। लिहाजा, एक ग्राम से कम वजन की ईयरिंग, नोज पिन, अंगूठी और एक तोले का हार भी तैयार कराया गया है। सोने-चांदी के पुराने प्रमाणित सिक्के उपलब्ध हैं। सर्वाधिक बुकिंग सोने की टेंपल ज्वेलरी, कड़े, कंगन, चूड़ी, कान की बाली, झुमके, मांग टीका, अंगूठी की हुई है।
तांबे के साथ स्टेनलेस स्टील, नॉन स्टिक बर्तन का भी स्टॉक
क्रॉकरी कारोबारी प्रेम प्रकाश अग्रवाल के मुताबिक इस बार बाजार में स्टेनलेस स्टील, तांबे की नई डिजाइन के नॉन स्टिक बर्तनों का स्टॉक है। इसकी हर तरह की रेंज, डिजाइन उपलब्ध है। फूल के बर्तन भी मौजूद हैं। रेफ्रिजरेटर, वाशिंग मशीन, मिक्सी, हॉट केस, पानी गर्म रखने की बोतल, डिनर सेट जैसे होम एप्लांयसेज की भी अच्छी रेंज मार्केट में है। जीएसटी में कमी के अलावा ऑफर्स भी हैं।
किराना, पूजन सामग्री और झालरों के लिए बाजार में कतार
किराना कारोबारी मनोज मूलचंदानी के मुताबिक घर सजाने, पकवान बनाने का सिलसिला धनतेरस से शुरू होगा। वहीं, पूजन सामग्री की खरीदारी के लिए शुक्रवार को बाजार में कतार रही। बताया कि जीएसटी की दर कम होने से सामान भी सस्ते हुए हैं। घी, डेयरी प्रोडक्ट, दाल, चावल, चना, सोयाबीन समेत मेवे में मखाना की कीमत कम हुई है। हालांकि, नारियल, किशमिश की कीमतों में उछाल रहा है।
गेंदा डेढ़ सौ और गुलाब तीन सौ रुपये प्रति किलो बिक रहा
त्योहारी सीजन में फूलों के भाव भी बढ़ गए हैं। जिला पंचायत घंटाघर, बिहारीपुर ढाल की ओर फूलों की दुकान पर गेंदा 150 रुपये और देसी गुलाब 300 रुपये प्रति किलो बिका। फूल विक्रेता शुभम के मुताबिक मंडी में फूल की आपूर्ति शुक्रवार को नहीं हुई। जिसके चलते मांग अधिक और माल कम होने की वजह से कीमत बढ़ गए हैं। बताया कि आम दिनों में गेंदा 80 रुपये और गुलाब 150 रुपये प्रति किलो बिकता है।
ई-कॉमर्स वेबसाइट पर मेक इन इंडिया उत्पादों की बढ़ी बुकिंग
ई-कॉमर्स बरेली जोन के डीलर शुभम अग्रवाल के मुताबिक त्योहारी सीजन में क्विक, ब्लिंकइट और जेप्टो प्लेटफॉर्म पर किराना उत्पाद की बुकिंग बढ़ी हैं। इसमें घी, तेल, बेसन, सूजी, सफाई और होम केयर प्रोडक्टस, इलेक्ट्रिक दीये, मोमबत्ती, जूस, सॉफ्ट ड्रिंक्स आदि शामिल हैं। बताया कि ऑर्डर में करीब 65 फीसदी मेक इन इंडिया प्रोडक्ट्स हैं।