बरेली। मौलानगर की कृष्णा विहार कॉलोनी में चार माह बाद भी पार्क की भूमि को कब्जामुक्त करने का काम अधूरा है। एक सप्ताह पहले बीडीए ने पार्क वाले हिस्से में कब्जा कर बनाई गई गोशाला को हटाया था। तीन मंजिला भवन को गिराने के लिए समय दिया गया। महंत संजीव गौड़ ने 13 नवंबर को हाईकोर्ट की शरण ले ली है। अब बीडीए जवाब दाखिल करने की तैयारी कर रहा है।
बीडीए के सचिव हिमांशु गुप्ता ने बताया कि कृष्णा विहार कॉलोनी में महंत संजीव गौड़ ने 25 साल से पार्क की भूमि पर कब्जा करके रखा है। यहां संचालित गोशाला को बीडीए ने 28 जुलाई 2026 को ध्वस्त कराया था। कुछ समय बाद इसे फिर से शुरू कर दिया गया। इसके बाद पांच नवंबर फिर अभियान चलाया गया।
अभी भी तीन मंजिला भवन को गिराया जाना बाकी है। 70 स्क्वायर मीटर में बने भवन को दिवाली बाद गिराने का निर्णय लिया। हालांकि महंत का दावा है कि भूमि को उन्होंने काश्तकारों से खरीदा है। बीडीए के अनुसार 15 साल से अधिक चले मुकदमे में कोर्ट में महंत संजीव गौड़ इस बात को साबित नहीं कर सके कि उन्होंने भूमि खरीदी है। इस वजह से मुकदमा हार गए। महंत संजीव गौड़ 13 नवंबर को हाईकोर्ट में अपील कर दी।