बीते दिनों की उमस और गर्मी से 24 घंटे की बारिश ने खूब राहत दी। पहली बार बादल जमकर बरसे। शुक्रवार रात से शनिवार रात तक बारिश होती रही। मौसम विभाग ने 50 मिलीमीटर से अधिक बारिश रिकार्ड की है। कृषि विभाग ने किसानों ने लिए खुशी का मौका बताया है। पहाड़ का पर्व हरेला शनिवार से शुरू हुआ है। इसका स्वागत मैदान में बारिश ने जमकर बरसकर किया। सड़क पर लोग बारिश का लुत्फ उठाते दिखे। साइक लिंग और बाइकिंग से मजा लिया गया। दिन भर हुई बारिश की वजह से गर्मी से निजात मिली है। नमी भी कम हुई है। अगले दो दिन तक भारी बारिश की संभावना मौसम विभाग ने जताई है। इस दौरान तापमान भी घटेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की कमी आई है। यह 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस पर है। बरेली में शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक 52.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
किसानों के लिए सही समय
कृषि विशेषज्ञाें ने बताया कि अच्छी बारिश से धान की रोपाई का कार्य इस सप्ताह जारी रखें। अधिक देर से अथवा अधिक दिनों की नर्सरी की रोपाई करने से धान की पैदावार में कमी आ जाती है। ऐसी स्थिति में यदि नर्सरी में पौध 30 से अधिक दिनों की हो गई हो तब एक स्थान पर 3 से 4 पौधों की दर से रोपाई करें। धान की सिंचाई न करें। फसल में खैरा रोग के लक्षण दिखाई देने पर छिड़काव करें। सोयाबीन, तिल, बाजरा तथा दाने वाली ज्वार की बुवाई के लिए भी यह सप्ताह अच्छा है।