फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bareilly News: चार को पहली, आठ जुलाई को जारी होगी दूसरी मेरिट लिस्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। बरेली कॉलेज ने स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया तेज कर दी है। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक, चार जुलाई को पहली और आठ को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। विद्यार्थी वेबसाइट और नोटिस बोर्ड पर इसे देख सकेंगे।
विज्ञापन

प्रवेश समिति की समन्वयक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि पहली मेरिट लिस्ट के आधार पर दाखिले पांच और छह जुलाई को होंगे। जिन विद्यार्थियों का नाम इस लिस्ट में शामिल होगा उन्हें दो दिन में ही दस्तावेज सत्यापन, फीस जमा करने और अन्य सभी औपचारिकताओं को पूरा करना होगा। इसके बाद पहली मेरिट के आधार पर प्रवेश बंद कर दिए जाएंगे।

जिन विद्यार्थियों का नाम पहली लिस्ट में नहीं आता है, उन्हें घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सीटों के खाली रहने पर दूसरी मेरिट लिस्ट आठ जुलाई को और तीसरी 10 से 12 जुलाई के बीच जारी की जाएगी। उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वह प्रवेश के समय होने वाली किसी भी दिक्कत से बचने के लिए अपने सभी मूल प्रमाणपत्र, अंकपत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो पहले से ही तैयार रखें।
विज्ञापन


प्राचार्य प्रो. ओपी राय ने बताया कि बीए, बीएससी, बीकॉम सहित विभिन्न स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अब तक बड़ी संख्या में आवेदन आए हैं। दाखिले मेरिट के आधार पर ही होंगे। प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए इस बार प्रवेश काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे। संवाद
-
फीस जमा करने के बाद भी लॉक नहीं हो रही सीट
बीएससी गणित की 880 सीटों पर प्रवेश के लिए अब तक आए हैं 700 आवेदन
बरेली। बरेली कॉलेज में बीएससी गणित वर्ग में प्रवेश लेने के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थी सीट लॉक न होने को लेकर परेशान हैं। 130 विद्यार्थी इस दिक्कत का सामना कर रहे हैं। सीट लॉक न होने को लेकर वह प्रवेश मिलने को लेकर परेशान हैं।
बरेली कॉलेज में बीएससी गणित की कुल 880 सीटें हैं। इन पर अब तक 700 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पहली मेरिट सूची जारी होने के बाद से ही विद्यार्थियों ने फीस जमा करनी शुरू कर दी थी। फीस जमा होने के बावजूद भी विद्यार्थियों को न तो कोई पुष्टिकरण संदेश मिला है और न ही पोर्टल पर उनका एडमिशन स्टेटस अपडेट हुआ है। इससे वह चिंतित हैं। विद्यार्थियों और अभिभावकों का कहना है कि सीट लॉक न होने से दस्तावेज सत्यापन और कक्षाएं शुरू होने में देरी हो सकती है। उन्हें यह भी डर है कि कहीं तकनीकी गड़बड़ी के चलते उनकी सीट किसी और को न मिल जाए।
कॉलेज प्रशासन ने बताया कि सीट लॉकिंग की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से विश्वविद्यालय स्तर पर नियंत्रित होती है। कभी-कभी तकनीकी कारणों से इसमें देरी हो सकती है। कॉलेज प्रशासन ने छात्र-छात्राओं को आश्वासन दिया है कि सभी सीटें समय पर लॉक कर दी जाएंगी और उन्हें पोर्टल और एसएमएस के माध्यम से सूचित किया जाएगा।
बरेली कॉलेज की प्रवेश समन्वयक प्रो. वंदना शर्मा ने सभी से धैर्य रखने और पोर्टल पर नियमित रूप से अपनी स्थिति जांचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि फीस जमा करने वाले किसी भी वैध छात्र का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें