क्योलड़िया। ग्राम पंचायत नकटी नरायनपुर में चौथी बार भी कोटे की दुकान का चयन नहीं हो पाया। अब ग्राम पंचायत सचिव ने 15 मई की तिथि तय की है। बार-बार तारीख हटाए जाने को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
भदपुरा ब्लॉक की ग्राम पंचायत नकटी नरायनपुर के कोटेदार गुलाम गौस की कोटे की दुकान को खामियों के चलते एक वर्ष पूर्व निलंबित कर दिया गया था। इसकी चयन प्रक्रिया के लिए पूर्व में भी तीन तिथियां तय की गईं, लेकिन बैठक नहीं हो सकी। इसके तहत चुनाव संपन्न करने के लिए विकासखंड भदपुरा से चार सदस्य टीम गठित कर चुनाव के लिए भेजा गया। चुनाव संपन्न करने के लिए जेई शांति स्वरूप, ग्राम पंचायत सचिव नरेशपाल सागर आदि पहुंचे। यहां पर विधिक प्रक्रिया संपन्न करने के लिए नामांकन पत्र मांगे गए। मनु गंगवार एवं श्रद्धा गंगवार ने अपने-अपने दावे निर्वाचन अधिकारी के समक्ष पेश किए।
चुनाव प्रक्रिया में समूह की ओर से चयन होने के साथ ही ग्रामीण खुली गिनती करवाना चाहते थे, लेकिन चिलचिलाती धूप के बीच ऐसा नहीं होने पर एक पक्ष के लोगों ने मैदान छोड़ दिया। इसके बाद यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई। अब तिथि आगे बढ़ा दी गई है। संवाद