भोजीपुरा। जमीन खरीद-फरोख्त के नाम पर खरीदारों के साथ धोखाधड़ी करने वाले ठगों का भोजीपुरा में जाल फैला हुआ है। एक किसान से भूखंड बेचने के नाम पर 16 लाख रुपये ठगे लिए गए। आईजी के आदेश पर मॉर्डन विलेज के मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
भोजीपुरा गांव घंघोरा पिपरिया निवासी किसान हरिप्रकाश ने माॅर्डन विलेज स्थित 800 वर्गगज के भूखंड की सौदा बरेली शहर के मोहल्ला जगदीश बिहार राजेंद्र नगर थाना प्रेमनगर निवासी नितिन वैश्य, पटेल नगर आवास विकास काॅलोनी निवासी सुमित यादव से 18 अक्तूबर 2022 में 16 लाख रुपये में सौदा की थी। भूखंड माॅर्डन विलेज के मालिक राकेश शर्मा के नाम से था। राकेश शर्मा ने नितिन, सुमित के नाम पावर ऑफ अटर्नी करा रखी थी। एक लेटरपैड पर जमीन के विक्रय अधिकार की रसीद दे रखी थी, तब नितिन वैश्य को खरीदार ने पांच लाख रुपये दिए। इसके बाद नितिन व सुमित ने नोटरी एग्रीमेंट करवाया।
इसके बाद खरीदार हरिप्रकाश ने 21 अप्रैल 2023 को चेक के माध्यम से दो लाख रुपये सुमित यादव को दिए थे। एक जुलाई 2023 को नेफ्ट के माध्यम से नितिन वैश्य के पुत्र की फीस के लिए 1,01,250 रुपये खाते में भेजे। इसके बाद आठ लाख रुपये सुमित यादव के घर पर नितिन की मौजूदगी में दिए।
पीड़ित किसान ने बैनामा कराने को कहा तो आरोपी टालमटोल करते रहे। 13 जनवरी 2025 को सुमित व नितिन ने राकेश शर्मा से अपने नाम बैनामा करा लिया। हरिप्रकाश जब सुमित व नितिन से बैनामा कराने को कहा तो दोनों ने उन पर फायरिंग की, जिससे वह बच गए। शिकायत मिलने पर आईजी के आदेश पर पुलिस ने नितिन वैश्य, सुमित यादव, राकेश शर्मा के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। संवाद