बरेली कालेज में अब शिक्षक नेताओं के बीच विवाद खड़ा हो गया है। कालेज में 12 अगस्त को हुई रुटा की बैठक के पांचवें दिन महिला शिक्षिका डॉ. चारू मेहरोत्रा ने शिक्षक नेता डॉ. स्वदेश सिंह और डॉ. वीपी सिंह पर अपने साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत उन्होंने बुधवार को कालेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष डीएम गौरव दयाल से मिलकर की और कार्रवाई की अपेक्षा की थी। कुछ नहीं हुआ तो वह मामला डीएम तक ले गईं। डीएम ने प्राचार्य से शिक्षिका के आरोपों पर तीन दिन में आख्या मांगी है।
डॉ. चारू ने बताया- डीएम से उन्होंने शिकायत की है कि 12 अगस्त को बरेली कालेज के सेमिनार रूम में चल रही रुटा की बैठक में कुछ शिक्षकों के साथ घुस आए डॉ. स्वदेश और डॉ. वीपी सिंह ने पहले तो उनके संगठन का बैनर उतारने की कोशिश की। रोकने पर उनके साथ गालीगलौच करते हुए अभद्रता की। ऐसा व्यवहार शिक्षकों के लिए शोभा नहीं देता। उन्होंने डीएम अलावा कालेज मैनेजमेंट कमेटी के सचिव देवमूर्ति और क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी से भी शिकायत की है।
क्या था मामला
12 अगस्त को कालेज सभागार में डॉ. चारू मेहरोत्रा ने रुटा की वरिष्ठ उपाध्यक्ष की हैसियत से मीटिंग का आयोजन किया। इसमें रुटा के अध्यक्ष डॉ. एके रुस्तगी और महामंत्री डॉ. दानवीर समेत कई पदाधिकारी शामिल हुए थे। रुटा को लेकर पुराना विवाद है। दूसरे गुट के डॉ. स्वदेश सिंह और बरेली कालेज शिक्षक संघ के महामंत्री डॉ. वीपी सिंह कुछ शिक्षकों के साथ मीटिंग में पहुंचे और मीटिंग में लगाए गए बैनर पर आपत्ति दर्ज कराई साथ ही बिना अनुमति के मीटिंग करने का आरोप लगाया। इससे मीटिंग में हंगामा हो गया था। इस दौरान दोनों शिक्षक गुटों के बीच काफी नोकझोंक हुई।
शिक्षिका ने शिकायत की है। प्राचार्य से पूरे मामले की आख्या मांगी गई है।
-गौरव दयाल, डीएम
जो कुछ हुआ सबके सामने था। हमारा विरोध मीटिंग में लगाए बैनर पर था, जिसके लिए डॉ. रुस्तगी और डॉ. दानवीर से बात करने गए थे। डॉ. चारू मेहरोत्रा से तो कोई बात भी नहीं करनी थी। अभद्रता का उनका आरोप गलत है और वैसे भी इतने दिन बाद उनकी शिकायत का औचित्य क्या है? उनसे पूछा जाना चाहिए।
-डॉ. स्वदेश सिंह, शिक्षक नेता