एक शिक्षक ने छठी के छात्र को अंग्रेजी के महीनों के नाम न बता पाने की ऐसी सजा दी कि उसके कान का पर्दा ही फट गया। शिक्षक ने उसे थप्पड़ मार दिया था। इस मामले में तहरीर दी गई है।
मोहल्ला चक महमूद निवासी प्रदीप कुमार ने बारादरी के प्रभारी निरीक्षक को दी तहरीर में बताया कि उसका बेटा अंश शर्मा चकमहमूद (पुराना शहर) स्थित राइज्ड एंड विराइट एकेडमी में पढ़ता है। आरोप है कि 22 जुलाई को शिक्षक दीपक शर्मा अंग्रेजी का पीरियड लेने के आए। वह अंश से अंग्रेजी में महीनों के नाम पूछने लगे। याद न होने की वजह से वह बता नहीं पाया। शिक्षक ने अंश के कान पर थप्पड़ मार दिया। जिससे उसके कान में चोट आ गई। अंश ने स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर आकर पूरी बात बताई। प्रदीप ने बताया कि उसने डॉक्टर अंशु अग्रवाल को अंश को दिखाया तो उन्होंने बताया कि कान का पर्दा फट गया है। अंश का लंबा इलाज होगा। उसने शिक्षक दीपक शर्मा से शिकायत की तो वह इलाज कराने के लिए राजी हो गए, लेकिन अब वह इलाज कराने को मना कर रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक कमरुल हसन ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। बच्चे का मेडिकल परीक्षण कराकर दिखवा लिया जाएगा। इसके बाद भी आगे की कार्रवाई होगी।