लेखपाल के जाने के बाद कब्जेदार ने दोबारा शुरू कराया निर्माण काम
बहेड़ी। कस्बे के नैनीताल रोड बाइपास पर कॉलोनाइजर ने सरकारी जमीन को अपने कब्जे में लेकर बुनियाद भरने का काम शुरू कर दिया। सूचना पर हलका लेखपाल ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य रोकने के आदेश दिए, लेकिन लेखपाल के जाने के बाद निर्माण कार्य जारी रहा। इस मामले में लेखपाल ने रिपोर्ट बनाकर तहसीलदार को भेजी है।
कस्बे के बाइपास किनारे एक करोड़ रुपये की कीमत की 200 वर्ग गज सरकारी जमीन पर गिरधरपुर के एक कॉलोनाइजर ने कब्जा कर लिया है। इस मामले में कस्बे के लोगों ने तहसील प्रशासन से शिकायत की। शिकायत पर लेखपाल मौके पर जांच करने पहुंचे तो उन्होंने शिकायत को सही पाया। जांच में लेखपाल ने पाया कि कॉलोनाइजर ने अपनी जमीन की बुनियाद के साथ-साथ सरकारी जमीन में भी बुनियाद भर दी है। निर्माण कार्य रात दिन जारी है। लेखपाल के निर्माण कार्य रोक देने के आदेश देने के बावजूद कॉलोनाइजर नहीं मान रहा है। वह उल्टा लेखपाल को ही राजनीतिक पकड़ दिखाते हुए दबाव में धमकाने लगा। लेखपाल ने इस मामले में एक रिपोर्ट बनाकर आगे भेज दी है।
महिला चौकी की बगल में भी दुकान का निर्माण
दूसरी ओर कस्बे के महिला चौकी के बगल में सरकारी जमीन पर रातों-रात दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। मामले की शिकायत आने पर लेखपाल ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य रोक दिया दिया। इसके बावजूद रातों-रात निर्माण कार्य जारी है। नगर लेखपाल ने पुलिस को चिट्ठी भेज कर निर्माण कर रोकने की मांग की है। संवाद
बाइपास मार्ग पर सरकारी जमीन में कब्जा करने वाले कॉलोनाइजर के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निर्माण कार्य किया गया तो उसे ढहा दिया जाएगा। साथ ही साथ कानूनी कार्रवाई भी होगी।
- भानु प्रताप, तहसीलदार बहेड़ी