नाबालिग बेटी का अपहरण कर उसका धर्म परिवर्तन कराके निकाह करने के आरोप की जांच कर रही प्रेमनगर पुलिस उस समय हैरान रह गई, जब खुद थाने पहुंचे आरोपी ने न सिर्फ अपहरण के आरोप से इनकार किया बल्कि यह भी बताया कि वह खुद हिंदू है लिहाजा धर्म परिवर्तन कराने का सवाल ही नहीं पैदा होता।
प्रेमनगर इलाके के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उसकी नाबालिग बेटी को घर के पास में ही रहने वाला दूसरे संप्रदाय के बंटी ने 30 जून को अपेन साथियों की मदद के साथ घर से अगवा कर लिया। लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि बंटी उसकी बेटी पर धर्मांतरण कर उससे निकाह करने का दबाव बना रहा है। दो संप्रदायों का मामला होने के कारण प्रेमनगर पुलिस ने शनिवार रात ही अपहरण और पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
रविवार को पुलिस ने लड़की के पिता से आरोपी का मोबाइल नंबर लेकर उस पर फोन किया। कुछ ही देर बाद आरोपी थाने पहुंच गया। उसने पुलिस को बताया कि वह खुद हिंदू है। उसने इसकी पुष्टि के लिए पुलिस को अपने प्रमाणपत्र भी दिखाए। उसने लड़की का अपहरण करने के आरोप को गलत बताते हुए जांच के लिए अपना मोबाइल भी पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब नए सिरे से मामले की जांच कर रही है।
यह है पुलिस का कहना
लड़की के पिता की ओर से दिए गए युवक के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। लड़की की तलाश के लिए टीमें बनाई गई हैं। खुद को हिंदू बताने वाले आरोपी से पूछताछ की जा रही है। - दयाशंकर, इंस्पेक्टर, थाना प्रेमनगर