बांके बिहारी मंदिर को रोशनी से सजाया गया
- फोटो : स्रोत- मंदिर प्रबंधन
बरेली में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शहर के बांके बिहारी मंदिर, हरि मंदिर, रामायण मंदिर समेत अन्य मंदिरों को सजाया जा रहा है। जगह-जगह लीला का मंचन भी किया जाएगा।
बांके बिहारी मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी और श्री राधाष्टमी महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर के 36वें वार्षिकोत्सव को लेकर इस बार मंदिर को विशेष स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इसके लिए कोलकाता से 14 प्रकार के फूल विशेष रूप से मंगवाए जा रहे हैं। सजावटी के लिए मथुरा-वृंदावन से कलाकार आ रहे हैं।
इस वर्ष की सजावट की मुख्य थीम मटके में माखन लेते बांके बिहारी एवं राधा रानी पर फूलों की वर्षा रखी गई है। फूलों की इस मनमोहक सजावट के साथ-साथ पूरे मंदिर परिसर में आकर्षक लाइटिंग भी की जाएगी।
हरि मंदिर में सजाया जाएगा फूल बंगला
हरि मंदिर के सचिव रवि छावड़ा ने बताया कि मंदिर में बीते दो महीने से बच्चे तैयारी कर रह है। जन्माष्टमी पर ये प्रस्तुति देंगे। फूल बंगला सजाने के साथ ही ठाकुरजी का भव्य शृंगार किया जाएगा।