पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा, गांव में तनाव
सिरौली। एक किशोरी से पड़ोस के ही युवक ने दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर उसका गला दबा दिया। किसी तरह वह शोर मचाने में कामयाब हुई तो घर के बाहर भीड़ इकट्ठी हो गई। इसके बाद आरोपी भाग निकला लेकिन भीड़ ने उसे तलाश करके पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। दो समुदायों का मामला होने की वजह से गांव में तनाव फैल गया। पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया और रिपोर्ट लिखकर आरोपी को जेल भेज दिया।
शनिवार रात आठ बजे 14 साल की एक लड़की अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान मोहल्ले का ही जाबिर उसे बहाने से कुछ ही दूर अपने घर ले गया और फिर अंदर से दरवाजा बंद कर किशोरी से दुष्कर्म की कोशिश की। घर में इस दौरान और कोई नहीं था। किशोरी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका गला घोटना शुरू कर दिया। किसी तरह किशोरी चीखने में कामयाब हुई तो उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए। इस पर जाबिर किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर भाग निकला। इस घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया। किशोरी के पक्ष के लोगों ने आरोपी जाबिर की तलाश शुरू कर दी और रात में ही उसे पकड़ने में कामयाब हो गए। इसके बाद उसकी जमकर पिटाई की।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाबुझाकर आरोपी को अपने कब्जे में लिया और थाने ले आई। घटना दो समुदायों से जुड़ी होने के कारण पुलिस ने फौरन रिपोर्ट दर्ज कर जाबिर को जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर नरेश त्यागी ने बताया कि आरोपी को सख्त सजा दिलाने के लिए पुलिस पैरवी करेगी।