बरेली में इंस्टाग्राम पर हुए प्यार के बाद सीबीगंज थाना क्षेत्र की एक किशोरी दिल्ली चली गई। उसकी मां ने प्रेमी और सहेली के खिलाफ बेटी के अपहरण की रिपोर्ट कराई है। महिला ने बताया कि वह मुरादाबाद की मूल निवासी हैं और इन दिनों सीबीगंज में रह रही हैं।
विज्ञापन
उनकी नाबालिग बेटी दो अप्रैल की शाम रोजा खोलने के बाद पड़ोस में रहने वाली सहेली से मिलने की बात कहकर घर से निकल गई थी। इसके बाद वह नहीं लौटी। तीन दिन तक बेटी को तलाश करने के बाद भी बेटी का पता नहीं लगा।
महिला के मुताबिक उसके मोबाइल फोन में कुछ दिन पहले बेटी ने अपना दूसरा नंबर डाला था। इसी नंबर पर एक युवती ने कॉल की। बताया कि उसका नाम रुचिका है और वह बेटी की सहेली है। बताया कि वह दिल्ली में रहती है। उसका एक दोस्त यूसुफ है जो उनकी बेटी से इंस्टाग्राम के जरिये बात करता था।
हालांकि रुचिका ने उनकी बेटी की लोकेशन के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। महिला ने आरोप लगाया कि यूसुफ और रुचिका ने मिलकर उनकी बेटी को फंसा लिया है। उन्हें लग रहा है कि कहीं यह उनकी बेटी की हत्या न कर दें। सीबीगंज पुलिस ने दोनों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस की टीम सर्विलांस के सहारे युवती की तलाश कर रही है।